1. Hindi News
  2. झारखण्ड
  3. झारखंड में नंबर 1 चुना गया यह पुलिस स्टेशन, जानें देश के 18 हजार थानों में क्या है रैंकिंग

झारखंड में नंबर 1 चुना गया यह पुलिस स्टेशन, जानें देश के 18 हजार थानों में क्या है रैंकिंग

 Published : Dec 27, 2025 10:00 pm IST,  Updated : Dec 27, 2025 10:00 pm IST

झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले का चौका पुलिस थाना राज्य में पहला और देश में चौथा स्थान प्राप्त किया है। यह रैंकिंग पुलिस की कार्यकुशलता, अपराध निवारण, सुविधाओं और जनता की राय के आधार पर दी जाती है। चौका थाना ने 18,000 से भी ज्यादा थानों में यह उपलब्धि हासिल की।

Chowka Police Station, Jharkhand police, best police station, national police ranking- India TV Hindi
सरायकेला-खरसावां जिले के चौका पुलिस थाना को पूरे राज्य में पहला स्थान मिला है। Image Source : X.COM/JHARKHANDPOLICE

सरायकेला: झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले का चौका पुलिस थाना झारखंड में सबसे अच्छा थाना चुना गया है। जिले के पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत ने शनिवार को इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि पूरे देश में इसे चौथा स्थान मिला है। यह रैंकिंग पुलिस के कामकाज के आधार पर दी जाती है। केंद्र सरकार का गृह मंत्रालय हर साल देश भर के पुलिस थानों का सर्वे करता है और उनके काम के आधार पर रैंकिंग की रिपोर्ट जारी करता है। थानों को कई पैमानों पर जांचा जाता है और उसके अनुसार रैंक दी जाती है। पूर्वी दिल्ली के गाजीपुर थाने को रैंकिंग में पहला, अंडमान एवं निकोबार के पहाड़गांव थाने को दूसरा और कर्नाटक के रायचूर में स्थित कविताल को तीसरा स्थान मिला है।

DGP/IGP की सालाना बैठक में चुने जाते हैं टॉप 10 थाने

गृह मंत्रालय की 'पुलिस थानों की रैंकिंग 2025' की सालाना रिपोर्ट के मुताबिक, चौका थाने को राज्य में पहला और देश में चौथा स्थान मिला है। यह रैंकिंग DGP/IGP की सालाना बैठक के दौरान जारी की जाती है, जहां देश के टॉप-10 थानों को चुना जाता है और उन्हें सम्मान दिया जाता है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि एक स्वतंत्र एजेंसी थानों का मौके पर निरीक्षण करती है। जांच के कई पहलू होते हैं, जैसे अपराध और अपराधी ट्रैकिंग नेटवर्क सिस्टम (CCTNS) का डेटा, अपराध के आंकड़े, महिलाओं के खिलाफ अपराध, कमजोर वर्गों पर अत्याचार, थाने की इमारत और सुविधाएं, लोगों की राय, सफाई, आईटी संसाधन, फोरेंसिक सुविधाएं, पुलिस संचार और डिजिटल रिकॉर्ड, पुलिस की सक्रिय पहल और आम लोगों से पुलिस कर्मियों का व्यवहार।

देश में 18 हजार से ज्यादा पुलिस थानों में मिला चौथा स्थान

रिपोर्ट के मुताबिक, इस सर्वे के बाद गृह मंत्रालय ने हाल ही में रायपुर में हुई DGP/IGP बैठक में पुलिस थानों की राष्ट्रीय रैंकिंग जारी की। जांच में चौका थाने ने सभी पैमानों पर अच्छा प्रदर्शन किया, इसलिए इसे देश में चौथा और झारखंड में पहला स्थान मिला। रिपोर्ट किए गए मामलों का निपटारा और चार्जशीट दाखिल करने की दक्षता भी जांच के अन्य महत्वपूर्ण पैमानों में शामिल थे। देश में 18 हजार से ज्यादा पुलिस थानों में चौका थाने की यह उपलब्धि सरायकेला-खरसावां जिले की पुलिस की अनुशासन और प्रतिबद्धता को दिखाती है। जिले की पुलिस का नारा है 'सेवा ही लक्ष्य', ऐसे में इस उपलब्धि को 'गर्व की बात' बताते हुए पुलिस अधीक्षक ने चौका थाने के तत्कालीन थाना प्रभारी बजरंग महतो, सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मियों को बधाई दी है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। झारखण्ड से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।