1. Hindi News
  2. झारखण्ड
  3. परिसीमन पर हेमंत सोरेन का बयान, बोले- 'आदिवासी-दलित सीटें कम करने की साजिश'

परिसीमन पर हेमंत सोरेन का बयान, बोले- 'आदिवासी-दलित सीटें कम करने की साजिश'

 Edited By: Amar Deep
 Published : Mar 28, 2025 07:09 am IST,  Updated : Mar 28, 2025 07:09 am IST

लोकसभा सीटों के परिसीमन का मामला इन दिनों चर्चा में है। झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन ने भी इसे लेकर बयान दिया है। उन्होंने कहा कि परिसीमन की प्रक्रिया एक सुनियोजित ‘साजिश’ और ‘छिपे एजेंडे’ के तहत लाई जा रही है, ताकि आदिवासी और दलितों के लिए आरक्षित सीटों को कम किया जा सके।

हेमंत सोरेन ने परिसीमन के पीछे साजिश का लगाया आरोप।- India TV Hindi
हेमंत सोरेन ने परिसीमन के पीछे साजिश का लगाया आरोप। Image Source : PTI/FILE

रांची: झारखंड विधानसभा में बजट सत्र के आखिरी दिन सीएम हेमंत सोरेन ने केंद्र पर कई गंभीर आरोप लगाए। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गुरुवार को आरोप लगाया कि परिसीमन की प्रक्रिया एक सुनियोजित ‘साजिश’ और ‘छिपे एजेंडे’ के तहत लाई जा रही है, ताकि आदिवासी और दलितों के लिए आरक्षित सीटों को कम किया जा सके। इसके अलावा हेमंत सोरेन ने विधानसभा में यह भी दावा किया कि भाजपा नेता केवल राज्य और देश के विकास के बारे में बोलते हैं, लेकिन करते कुछ नहीं। सीएम सोरेन ने कहा, ‘‘परिसीमन की कवायद के पीछे एक छिपा हुआ एजेंडा है, जो है आदिवासी और दलितों के लिए आरक्षित सीटों को कम करना। पहले भी ऐसी कोशिशें की गई थीं, जिन्हें दिशोम गुरु शिबू सोरेन ने विफल कर दिया था। लेकिन इस बार इसे पूरे देश के लिए एक सुनियोजित साजिश के तहत आगे लाया जा रहा है।’’ उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी पूरी स्थिति पर नजर रखे हुए है। 

भाजपा नेता की हत्या पर बोले सोरेन

वहीं हेमंत सोरेन ने भाजपा नेता अनिल महतो 'टाइगर' की हत्या की निंदा की। उन्होंने कहा कि इस अपराध को अंजाम देने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। सीएम सोरेन ने कहा, ‘‘घटना कल हुई, मैं इसकी निंदा करता हूं। झारखंड मुक्ति मोर्चा, कांग्रेस और राजद के नेताओं ने मृतक के परिजन से मुलाकात की। उन्हें आश्वासन दिया कि अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा।’’ इसके अलावा विधानसभा में मुख्यमंत्री के भाषण से पहले भाजपा के विधायकों ने सदन से वाकआउट कर दिया। इसे लेकर भाजपा पर निशाना साधते हुए सीएम सोरेन ने कहा कि उनके नेता केवल राज्य और देश के सर्वांगीण विकास के बारे में बोलते हैं, लेकिन कुछ नहीं करते। उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘उनका एकमात्र लक्ष्य सत्ता हथियाना है, भले ही उन्हें जनादेश न मिले। इसके पीछे एक छिपा हुआ एजेंडा है। वे चाहते हैं कि अधिक से अधिक राज्यों में उनकी सरकार हो, ताकि वे देश के वर्तमान संविधान को बदल सकें।’’ 

पेश किया 1.45 लाख करोड़ का बजट

वहीं सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि उनकी सरकार ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए 1.45 लाख करोड़ रुपये का बजट पेश किया, जिसे सदन ने पारित कर दिया। उन्होंने कहा कि सरकार का जोर सामाजिक सुरक्षा पर रहा है। उन्होंने कहा, ‘‘सरकार करीब 58 लाख महिलाओं को मईया सम्मान योजना का लाभ दे रही है। योजना का असर एक-दो साल में दिखने लगेगा। सरकार इस योजना पर 13,000 करोड़ रुपये खर्च कर रही है।’’ सीएम सोरेन ने भाजपा की आलोचना करते हुए कहा कि वह दिल्ली समेत कई राज्यों में महिलाओं को मइया सम्मान जैसी योजना देने का वादा करके सत्ता में आई, लेकिन इसे लागू नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि सरकार ने अनाथ और शारीरिक रूप से अक्षम बच्चों को उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करने का फैसला किया है। 

केंद्र पर लगाया सौतेला व्यवहार का आरोप

सीएम हेमंत सोरेन ने कहा, ‘‘हम जल्द ही वाल्मीकि छात्रवृत्ति योजना शुरू करेंगे, जिसके तहत ऐसे छात्रों को दैनिक जरूरतों, अध्ययन सामग्री और अन्य खर्चों के लिए 4,000 रुपये दिए जाएंगे।’’ उन्होंने कहा कि सरकार राज्य के लोगों के लिए हेलीकॉप्टर एंबुलेंस सेवा शुरू करने की भी तैयारी कर रही है। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि केंद्र राज्य के साथ सौतेला व्यवहार कर रहा है। उन्होंने कहा, ‘‘हमें केंद्र से हमारा बकाया नहीं मिल रहा है। विभिन्न कोयला कंपनियों से 1.36 लाख करोड़ रुपये बकाया है। इसके अलावा, मनरेगा में 1,200 करोड़ रुपये और पेयजल योजना के तहत 6,000 करोड़ रुपये से अधिक केंद्र के पास लंबित हैं।’’ (इनपुट- पीटीआई)

यह भी पढ़ें- 

वक्फ बिल का विरोध: AIMPLB की अपील- 'जुमे की नमाज के दौरान काली पट्टी बांधें मुसलमान'

ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी में ममता बनर्जी का संबोधन: विरोध, तीखे सवाल और जवाबी हमला

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। झारखण्ड से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।