1. Hindi News
  2. झारखण्ड
  3. हजारीबाग: महायज्ञ के बाद शोभायात्रा पर पथराव, कई महिलाएं घायल, वाहनों में आग लगाई

हजारीबाग: महायज्ञ के बाद शोभायात्रा पर पथराव, कई महिलाएं घायल, वाहनों में आग लगाई

 Edited By: Shakti Singh
 Published : Apr 14, 2025 11:10 am IST,  Updated : Apr 14, 2025 11:24 am IST

महायज्ञ की शोभायात्रा पर पथराव के बाद गुस्साए स्थानीय लोगों ने जीटी रोड जाम कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर जाम खुलावाया। अब पूरे इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया गया है।

Hazaribagh- India TV Hindi
हजारीबाग में आगजनी Image Source : INDIA TV

झारखंड के हजारीबाग में दो समुदायों में हिंसक झड़प हो गई। यहां शोभा यात्रा के नगर भ्रमण के दौरान पथराव हुआ। जब यात्रा तरबेचवा मस्जिद के पास निकल रही थी, तब कुछ लोगों ने पथराव किया, जिसमें कई महिलाएं घायल हो गईं। पत्थरबाजी से नाराज लोगों ने जीटी रोड जाम कर दिया। इसके बाद तनाव को देखते हुए पूरे इलाके में भारी फोर्स तैनात की गई है। इसके बाद से हालात सामान्य हैं। 

हजारीबाग में महायज्ञ हो रहा था और रविवार को इसी महायज्ञ की शोभायात्रा निकाली जा रही थी। शोभा यात्रा तरबेचवा मस्जिद के पास पहुंची, तब दूसरे समुदाय की ओर से पत्थरबाजी कर दी गई। अचानक हुए इस हमले में कई महिलाएं घायल हो गईं। इस दौरान उपद्रवियों ने आस-पास आगजनी भी की। इस घटना से आक्रोशित लोगों ने जीटी रोड जाम कर दिया और जल्द से जल्द एक्शन की मांग की। इसके बाद हालात को काबू पाने के लिए पूरे इलाके में पुलिस बल को तैनात कर दिया गया और पुलिस के समझाने पर जाम खत्म कराया गया।

झुरझुरी गांव में हुआ बवाल

घटना बरकट्ठा प्रखंड के झुरझुरी गांव की है, जहां शोभा यात्रा के दौरान दो समुदाय आमने-सामने आ गए। इसके बाद उपद्रवियों ने जमकर उत्पात मचाया। एक घर में आग लगा दी गई। घर में रखा सारा सामान तहस-नहस कर दिया और बाइक को आग के हवाले कर दिया। उपद्रवियों ने रास्तों पर पुआल रखकर उसमें आग लगा दी। आग की लपटें काफी दूर तक दिखाई दीं। तोड़फोड़ और आगजनी के बाद पूरे गांव में अफरा तफरी मच गई।  

एसपी बोले- दोषियों पर सख्त एक्शन होगा

गांव में तनाव की सूचना पर पुलिस पहुंची। करीब तीन घंटे तक पुलिस ग्रामीणों को समझाती रही। इसके बाद जाम खुल सका। पत्थरबाजी के बाद गांव में हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं। एहतियात के तौर पर इलाके में पुलिस फोर्स मौजूद है। एसपी ने साफ कर दिया है कि दोषियों पर सख्त एक्शन होगा। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही उपद्रवियों की पहचान की जा रही है। फिलहाल हालात पूरी तरह पुलिस के कंट्रोल में हैं।

(हजारीबाग से मुन्नू सिंह की रिपोर्ट)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। झारखण्ड से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।