1. Hindi News
  2. झारखण्ड
  3. झारखंड में भारी बारिश ने मचाया कहर, 3 बच्चों की मौत, खूंटी में टूटा पुल

झारखंड में भारी बारिश ने मचाया कहर, 3 बच्चों की मौत, खूंटी में टूटा पुल

 Published : Jun 19, 2025 03:56 pm IST,  Updated : Jun 19, 2025 03:57 pm IST

झारखंड में भारी बारिश ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। खूंटी में कुआं ढहने से दो बच्चों की मौत हो गई है, जबकि तमाड़ में मकान गिरने से एक बच्ची की मौत हुई। कई जिलों में रेड अलर्ट जारी है और स्कूल बंद हैं।

Jharkhand rain havoc, Khunti rain accident, Ranchi weather alert- India TV Hindi
झारखंड के खूंटी जिले में स्थित यह पुल भारी बारिश को नहीं झेल पाया। Image Source : PTI

रांची: झारखंड में पिछले कुछ दिनों से हो रही भारी बारिश ने खूब तबाही मचाई है। सूबे के खूंटी जिले की मुरहू पंचायत में बुधवार दोपहर करीब 2 बजे एक निर्माणाधीन कुआं ढह गया। इस हादसे में दो स्कूली बच्चे, जिनकी उम्र 9 और 10 साल थी, मिट्टी के मलबे में दब गए। NDRF की टीम ने बचाव अभियान शुरू किया, जो बुधवार रात से गुरुवार दोपहर तक चला। आखिरकार गुरुवार को दोपहर करीब 12:30 बजे दोनों बच्चों के शव मलबे से निकाले गए। खूंटी की उपायुक्त आर. रॉनिटा ने बताया कि NDRF की टीम ने काफी मेहनत की, लेकिन बच्चों को बचाया नहीं जा सका।

मुरपा गांव में भी 10 साल की बच्ची की मौत

रांची जिले के तमाड़ थाना क्षेत्र में मुरपा गांव में भी एक दुखद हादसा हुआ। भारी बारिश की वजह से एक मिट्टी का मकान ढह गया, जिसमें 10 साल की एक लड़की की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि हादसे के वक्त लड़की घर में अकेली थी। इस घटना ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया। बारिश का असर सिर्फ इंसानी जिंदगियों तक सीमित नहीं रहा। खूंटी के तोरपा में बनाई नदी पर बना एक पुल भी बारिश की भेंट चढ़ गया। पुल का एक हिस्सा टूटने से खूंटी-सिमडेगा सड़क मार्ग पूरी तरह बंद हो गया। उपायुक्त रॉनिटा ने बताया कि वैकल्पिक रास्ता तैयार किया गया है और NDRF की टीम को मौके पर भेजा गया है।

गम्हरिया में टायो रोल्स की इमारत ढही

सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया में टाटा स्टील की सहायक कंपनी टायो रोल्स की एक खाली रिहायशी इमारत गुरुवार सुबह ढह गई। टाटा स्टील ने बताया कि इमारत को पहले ही खाली कर दिया गया था और इसे रहने लायक नहीं माना गया था, इसलिए कोई जान-माल का नुकसान नहीं हुआ। बता दें कि रांची, खूंटी, सरायकेला-खरसावां और पूर्वी सिंहभूम जैसे कई जिलों में बारिश ने आम जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। सड़कें जलमग्न हैं, यातायात ठप है और कई इलाकों में बिजली-पानी की दिक्कतें बढ़ गई हैं। बारिश के खतरे को देखते हुए गुरुवार को रांची और खूंटी समेत कई जिलों में स्कूलों को बंद रखा गया।

सूबे के कई जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी

जमशेदपुर में हालात और गंभीर हैं। वहां खरकई और स्वर्णरेखा नदियां उफान पर हैं और उनका जलस्तर खतरे के निशान के करीब पहुंच गया है। पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन ने नदियों के किनारे बसे लोगों को सतर्क रहने की चेतावनी दी है। अलर्ट जारी कर लोगों से सुरक्षित जगहों पर जाने को कहा गया है। रांची मौसम विज्ञान केंद्र के उपनिदेशक अभिषेक आनंद ने बताया कि उत्तर-पूर्व झारखंड में एक कम दबाव का क्षेत्र बन गया है, जिसकी वजह से रांची, लोहरदगा, गुमला, खूंटी और सिमडेगा में भारी से बहुत भारी बारिश हो रही है। इसके चलते इन जिलों के लिए ‘रेड अलर्ट’ जारी किया गया है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। झारखण्ड से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।