1. Hindi News
  2. झारखण्ड
  3. झारखंड विधानसभा चुनाव 2024: रघुवर दास की बहू करेंगी विजयी आगाज या अजय कुमार की होगी जीत, जानें जमशेदपुर ईस्ट के समीकरण

झारखंड विधानसभा चुनाव 2024: रघुवर दास की बहू करेंगी विजयी आगाज या अजय कुमार की होगी जीत, जानें जमशेदपुर ईस्ट के समीकरण

 Edited By: Shakti Singh
 Published : Nov 09, 2024 05:23 pm IST,  Updated : Nov 09, 2024 05:23 pm IST

जमशेदपुर ईस्ट के मौजूदा विधायक सरयू गुप्ता जमशेदपुर पश्चिम से चुनाव लड़ रहे हैं। ऐसे में बीजेपी के लिए यह सीट आसान हो सकती है। पिछले चुनाव में यहां कांग्रेस तीसरे स्थान पर रही थी।

Jamshedpur east - India TV Hindi
जमशेदपुर ईस्ट के समीकरण Image Source : INDIA TV

झारखंड विधानसभा चुनाव 2024 में इंडिया गठबंधन और एनडीए गठबंधन के बीच सीधी लड़ाई है। इंडिया गठबंधन में झारखंड मुक्ति मोर्चा और कांग्रेस के साथ राष्ट्रीय जनता दल भी है। वहीं, एनडीए गठबंधन में बीजेपी ही अधिकतर सीटों पर चुनाव लड़ रही है। जदयू को दो सीटें मिली हैं। हालांकि, गठबंधन के चलते जमशेदपुर ईस्ट का चुनाव बेहद रोमांचक हो गया है। यह वही सीट है, जहां से पिछले चुनाव में बीजेपी के दिग्गज नेता और तत्कालानी मुख्यमंत्री रघुवर दास को हार का सामना करना पड़ा था।

इस चुनाव की खास बात यह है कि इस बार न तो रघुवर दास यहां से चुनाव लड़ रहे हैं और न ही उन्हें हराने वाला सरयू राय। बीजेपी ने इस सीट पर पूर्णिमा दास साहू को टिकट दिया है। वहीं, कांग्रेस ने अजय कुमार को अपना उम्मीदवार बनाया है।

कौन हैं अजय कुमार ?

पूर्व आईपीएस अधिकारी अजय कुमार 2011 से 2014 के बीच सांसद रह चुके हैं। 62 साल के अजय जमशेदपुर से ही सांसद बने थे। हालांकि, तब वह झारखंड विकास मोर्चा (प्रजातांत्रिक) का हिस्सा थे। 2014 में बीजेपी उम्मीदवार के खिलाफ वह लोकसभा चुनाव हारे और कांग्रेस में शामिल हो गए। 2017 में झारखंड कांग्रेस के अध्यक्ष बने, लेकिन 2019 में आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए। 2020 में वह कांग्रेस में वापस लौटे और अब पार्टी ने उन्हें जमशेदपुर ईस्ट से उम्मीदवार बनाया है।

कौन हैं पूर्णिमा दास साहू ?

इस सीट पर पिछले चुनाव में रघुवर दास को हार का सामना करना पड़ा था। ऐसे में उन्हें टिकट नहीं मिला है, लेकिन उनकी बहू को बीजेपी ने अपना उम्मीदवार बनाया है। मामला साफ है कि बहू के चेहरे पर रघुवर दास ही चुनाव लड़ रहे हैं। यह सीट उनकी परंपरागत सीट रही है और वह अपने गढ़ को नहीं खोना चाहते हैं। पूर्णिमा साहू पहली बार चुनावी मैदान में हैं। वह  एक पत्नी, मां, पूर्व पत्रकार और ओडिशा के राज्यपाल रघुवर दास की बहू के रूप में लोगों के बीच पहुंच रही हैं। उनका कहना है कि जब उनके ससुर राजनीति में सक्रिय थे, तब लोग लगातार उनके घर आते थे और अपनी समस्याएं बताते थे। उस समय से ही वह पर्दे के पीछे से राजनीति से जुड़ी रही हैं।  

जमशेदपुर ईस्ट का चुनावी इतिहास

जमशेदपुर ईस्ट सीट पर पिछला चुनाव में झारखंड के तत्कालानी मुख्यमंत्री और बीजेपी उम्मीदवार रघुवर दास को भाजपा के बागी और निर्दलीय उम्मीदवार सरयू राय ने हरा दिया था। सरयू को 73945 वोट मिले थे जबकि रघुवर दास को 58112 वोट मिले थे। कांग्रेस यहां पर तीसरे स्थान पर थी। अब सरयू राय को जेडीयू की तरफ से जमशेदपुर पश्चिम से टिकट मिला है। जमशेदपुर ईस्ट को दास परिवार का गढ़ माना जाता है। इस सीट से रघुवर दास पांच बार चुनाव जीत चुके हैं। 

रघुवर दास ने 2014 में कांग्रेस के आनंद विहारी दूबे को हराया था। 2009 में जेएमएम के अभय सिंह को हराया था। 2005 में कांग्रेस के रामाश्रय प्रसाद को मात दी थी। अब वह अपनी बहू को यहां से विधायक बनाना चाहते हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। झारखण्ड से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।