1. Hindi News
  2. झारखण्ड
  3. 'सतर्क रहें, झारखंड आ रहा है गिद्धों का झुंड', BJP की परिवर्तन यात्रा पर हेमंत सोरेन का तंज

'सतर्क रहें, झारखंड आ रहा है गिद्धों का झुंड', BJP की परिवर्तन यात्रा पर हेमंत सोरेन का तंज

 Published : Sep 19, 2024 07:23 pm IST,  Updated : Sep 19, 2024 07:23 pm IST

झामुमो के नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार की कथित ‘विफलताओं’ को उजागर करने और विधानसभा चुनावों में इसे सत्ता से ‘उखाड़’ फेंकने के लक्ष्य के साथ बीजेपी 6 ‘परिवर्तन यात्राएं’ शुरू करेगी। इसे लेकर सीएम हेमंत सोरेन बीजेपी पर जमकर बरसे हैं।

hemant soren- India TV Hindi
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन Image Source : PTI

गढ़वा: झारखंड में शुक्रवार से राज्यभर में आयोजित की जाने वालीं भारतीय जनता पार्टी (BJP) की ‘परिवर्तन यात्राओं’ का स्पष्ट संदर्भ देते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि अन्य प्रदेशों के नेता ‘‘गिद्ध की तरह मंडराते, सांप्रदायिक तनाव फैलाते’’ नजर आएंगे। गढ़वा जिले में एक सरकारी कार्यक्रम ‘आपकी योजना, आपकी सरकार, आपके द्वार’ को संबोधित करते हुए झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के नेता ने कहा कि गुजरात, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश जैसे राज्यों के नेता प्रदेश के हर गांव में नजर आएंगे और वे जाति-धर्म के नाम पर सांप्रदायिक तनाव फैलाएंगे।

बीजेपी की परिवर्तन यात्रा पर बरसे हेमंत सोरेन

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘सतर्क रहें क्योंकि गिद्धों का झुंड झारखंड आ रहा है। वे पूरे राज्य में मंडराएंगे। आप देखेंगे कि गुजरात, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश के नेता गांव-गांव और पंचायत-दर-पंचायत जा रहे हैं, जाति और धर्म के नाम पर सांप्रदायिक तनाव फैला रहे हैं।’’ उन्होंने कहा कि आगामी चुनाव अमीर और गरीब के बीच की लड़ाई है। उन्होंने कहा, ‘‘एक तरफ पूंजीपतियों का समूह है और दूसरी तरफ आदिवासी, गरीब, दलित और पिछड़े लोग हैं।’’

20 सितबंर से 3 अक्टूबर तक परिवर्तन यात्रा

विपक्षी भाजपा झामुमो के नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार की कथित ‘विफलताओं’ को उजागर करने और विधानसभा चुनावों में इसे सत्ता से ‘उखाड़’ फेंकने के लक्ष्य के साथ शुक्रवार से झारखंड के विभिन्न संभागों में छह ‘परिवर्तन यात्राएं’ शुरू करेगी। ये यात्राएं 20 सितंबर से तीन अक्टूबर तक 24 जिलों के सभी 81 विधानसभा क्षेत्रों में 5,400 किलोमीटर की दूरी तय करेंगी। यात्राएं अलग-अलग तारीखों पर विभिन्न संगठनात्मक प्रभागों से रवाना होंगी। झारखंड की 81 सदस्यीय विधानसभा के लिए इस साल के अंत तक चुनाव कराए जाएंगे। (भाषा इनपुट्स के साथ)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। झारखण्ड से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।