1. Hindi News
  2. झारखण्ड
  3. बिहार के बाद अब झारखंड में आकाशीय बिजली का कहर, 4 लोगों की हुई मौत

बिहार के बाद अब झारखंड में आकाशीय बिजली का कहर, 4 लोगों की हुई मौत

 Edited By: Avinash Rai @RaisahabUp61
 Published : Apr 11, 2025 03:40 pm IST,  Updated : Apr 11, 2025 03:40 pm IST

बिहार के बाद अब झारखंड में आकाशीय बिजली गिरने की घटना देखने को मिली है। यहां आकाशीय बिजली की चपेट में आने से 4 लोगों की मौत हो गई है। बता दें कि इस घटना में एक बुजुर्ग महिला घायल भी हुई है।

lightning wreaks havoc in Jharkhand After Bihar 4 people died- India TV Hindi
प्रतीकात्मक तस्वीर Image Source : FILE PHOTO

बिहार में बीते दो दिनों में गिरी आकाशीय बिजली के कारण अबतक 25 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं अब झारखंड में भी आकाशीय बिजली गिरने की खबर सामने आई है। झारखंड के हजारीबाग जिले में आकाशीय बिजली गिरने की अलग-अलग घटनाओं में कुल 4 लोगों की मौत हो गई है। शुक्रवार को एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि पदमा और चुरचू खंड में गुरुवार की दोपहर को आकाशीय बिजली गिरने की घटनाएं देखने को मिली हैं। इस दौरान पदमा खंड में दो चचेरे भाईयों समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जिनकी पहचान शिवपूजन साव, अजय साव और सूरज कंडू के रूप में हुई है।

झारखंड में आकाशीय बिजली गिरने से 4 लोगों की मौत

जानकारी के मुताबिक तीनों एक खेत में मवेशियों को चरा रहे थे और इस दौरान वो एक झोपड़ी के नीचे खड़े थे। इसी दौरान आकाशीय बिजली गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं एक दूसरी घटना में चुरचू गांव में गंगो किस्कू नाम के एक व्यक्ति की आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई है। अधिकारी ने बताया कि घटना के समय वह जंगल में लकड़ियां इकट्ठा कर रहा था। उन्होंने बताया कि चारों लोगों के शवों को कब्जे में लेकर प्रशासन ने पोस्टमॉर्टम के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज एवं जिला अस्पताल में भेज दिया है। 

सरकारी नियमों के हिसाब से मिलेगा मुआवजा

बता दें कि इस घटना के बाद पदमा और चुरचू के ग्रामीणों ने उपायुक्त नैन्सी सहाय से मुलाकात की और मृतकों को मुआवजा देने की मांग की। उपायुक्त ने इस दौरान बताया कि जान-माल के मुकसान का आकलन करने के लिए अधिकारियों की एक टीम भेजी गई है तथा रिपोर्ट प्रस्तुत करने के सरकारी मानदंडों के आधार पर मुआवजा दिया जाएगा। अधिकारी ने बताया कि इचाक थाना क्षेत्र के अंतरग्त मालती देवी नाम की महिला जिनकी उम्र 60 साल थी। आकाशीय बिजली गिरने के कारण वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्होंने बताया कि महिला को भी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां महिला का इलाज चल रहा है।

(इनपुट-भाषा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। झारखण्ड से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।