झारखंड के सरायकेला से हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां की एक युवती को एक साल पहले कुछ लोगों ने लोन दिलाने के नाम पर बुलाया और राजस्थान ले जाकर बेच दिया। पीड़िता को खरीदने वाले युवक ने उससे शादी भी कर ली और दोनों राजी-खुशी साथ रहने लगे। इधर युवती के परिजन उसकी तलाश में परेशान होते रहे। पुलिस के पास शिकायत भी की गई, लेकिन युवती का पता नहीं चला। अब युवती लगभग 15 महीने बाद अपने पति के साथ वापस लौटी तो पूरे मामले का खुलासा हुआ।
घटना आदित्यपुर नगर निगम के वार्ड नंबर दो की है। धीराजगंज की युवती करीब सवा साल बाद अपने पति के साथ घर लौटी तो उसके मायके में हड़कंप मच गया। युवती ने बताया कि बास्को नगर की पद्मा तांती और शांति नगर के राम ने लोन दिलाने के नाम पर उसे बुलाया और राजस्थान ले जाकर एक लाख बीस हजार रुपये में बेच दिया। हालांकि, युवती अपने पति के साथ खुश है और अब वह अपने मायके पहुंची है।
परिजनों ने आरोपियों को बंधक बनाया
लड़की के मायके वालों को जब पता चला कि उनकी बेटी को बेचा गया था तो गुस्से में आग बबूला हो गए। मायके वालों ने इस मामले को नया रूप देते हुए पद्मा तांती और राम नामक शख्स पर मानव तस्करी का आरोप लगाते हुए दोनों को बंधक बना लिया। सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और बंधक बने महिला एवं पुरुष को कब्जे में लेकर थाने ले गई।
आरोपियों से पूछताछ कर रही पुलिस
निवर्तमान वार्ड पार्षद अभिजीत महतो ने बताया कि क्षेत्र की और भी युवतियां गायब हुई हैं और आशंका जताई है कि उन्हें भी इन लोगों ने ले जाकर कहीं बेच दिया है। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। इस संबंध में पुलिस ने बिना पुष्टि के कुछ भी कहने से मना कर दिया है और समाचार लिखे जाने तक आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं कराई गई है।
(सरायकेला से गंगाधर पांडे की रिपोर्ट)
यह भी पढ़ें-
झारखंड के रांची से पकड़ा गया ISIS का संदिग्ध आतंकी, दिल्ली स्पेशल सेल कर रही थी तलाश
ससुराल में फंदे से लटका मिला स्नेहा का शव, जमशेदपुर में दहेज प्रताड़ना का दर्दनाक मामला