1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. फैशन और सौंदर्य
  4. बालों के लिए वरदान है जटामांसी, जानिए इसके फायदे और इस्तेमाल करने का तरीका

बालों के लिए वरदान है जटामांसी, जानिए इसके फायदे और इस्तेमाल करने का तरीका

 Written By: Bharti Singh
 Published : Aug 04, 2026 02:54 pm IST,  Updated : Aug 04, 2026 02:54 pm IST

आयुर्वेद में ऐसी कई जड़ी बूटियों का जिक्र है जो बालों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। ऐसी ही असरदार जड़ी बूटी है जटामांसी, जो बालों के लिए बहुत फायदेमंद है। आइये जानते हैं बालों के लिए जटामांसी के फायदे और इसे कैसे इस्तेमाल करें।

बालों के लिए जटामांसी के फायदे- India TV Hindi
बालों के लिए जटामांसी के फायदे Image Source : MAGNIFIC

जटामांसी एक जड़ी-बूटी है इसमें काफी ज्यादा खुशबू होती है। जटामांसी का इस्तेमाल इत्र बनाने में भी किया जाता है। इसे जटामांसी इसलिए कहा जाता है क्योंकि इसकी जड़ें जटा या बाल जैसी होती हैं। इसे लोग बालझड़ भी कहते हैं। आचार्य बाल कृष्ण के अनुसार आयुर्वेद में जटामांसी के कई फायदे हैं। जटामांसी का इस्तेमाल औषधि के रुप में सालो से किया जा रहा है। मार्केट में आपको बाजार में ये जटामांसी का तेल, जड़ और पाउडर मिल जाएगा। बालों के लिए जटामांसी को बहुत असरदार माना जाता है।

बालों के लिए जटामांसी के फायदे

जटामांसी का इस्तेमाल करने से बालों का झड़ना कम हो जाता है। इससे जड़ों को मजबूत होती हैं और हेयर फॉल कम होने लगता है। बालों को लंबा बनाने के लिए भी ये असरदार काम करती है। जटामांसी के इस्तेमाल से स्कैल्प का सूखापन कम होता है और डैंड्रफ दूर हो जाती है। इससे बाल चमकदार, मुलायम, रेशमी और घने बनते हैं। सफेद बालों को काला बनाने और नए बाल उगाने के लिए इसे बेहद कारगर माना जाता है

गंजेपन और सफेद बालों के लिए वरदान है जटामांसी

बालों की समस्याएं सबसे ज्यादा आम और तेजी से बढ़ने वाली समस्या बनती जा रही है। खराब डाइट, प्रदूषण, खराब पानी, तरह-तरह के कॉस्मेटिक्स का उपयोग करने से बालों पर सीधे असर होता है। इससे युवाओं में सफेद बाल या गंजेपन की समस्या बढ़ रही है। बालों की इन समस्याओं को दूर करने के लिए जटामांसी का इस्तेमाल करना फायदेमंद है। इसके लिए जटामांसी, बला, कमल और कूठ सभी को बराबर मात्रा में लें और पीसकर सिर पर लेप की तरह लगा लें। इससे कुछ ही दिनों में बालों का गिरना कम हो जाता है और असमय बालों का सफेद होना भी कम होता है।

जटामांसी का तेल

बाजार में जटामांसी पाउडर मिल जाता है आप इसे नारियल, बादाम या तिल के तेल में गर्म करके इस्तेमाल कर सकते हैं। आप चाहें तो जटामांसी की जड़ को तेल में गर्म करते तेल को छान लें और इसे किसी बोतल में भरकर रख लें। इस तेल से रात में मसाज करें और सुबह शैंपू कर लें।

जटामांसी हेयर मास्क

जटामांसी पाउडर से बालों के लिए हेयर मास्क भी बना सकते हैं। इसके लिए जटामांसी के पाउडर में थोड़ा दही, एलोवेरा जेल मिलाकर पेस्ट बना लें। इसे बालों पर लगाकर आधा घंटे के लिए ऐसे ही छोड़ दें। बालों की जड़ों पर इसे अच्छी तरह से लगाना चाहिए। अब 30 मिनट बाद साफ पानी और माइल्ड शैंपू से बालों को अच्छी तरह से वॉश कर लें।

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Fashion and beauty tips से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लाइफस्टाइल