गर्मियों में एसी राहत जरूर देता है, लेकिन इसका गलत इस्तेमाल सेहत के लिए खतरनाक भी साबित हो सकता है। लगातार बंद कमरे में एसी चलाना, सही तापमान न रखना या साफ-सफाई का ध्यान न देना कई स्वास्थ्य समस्याओं को जन्म दे सकता है। इसलिए जरूरी है कि एसी का इस्तेमाल करते समय कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखा जाए, ताकि आप ठंडक के साथ-साथ अपनी सेहत भी सुरक्षित रख सकें।
तापमान का सही तरीके से सेट होना:
सबसे पहले तापमान का सही सेट होना बहुत जरूरी है। बहुत कम तापमान (16-18°C) पर AC चलाने से शरीर पर अचानक ठंड का असर पड़ता है, जिससे सर्दी-जुकाम, सिरदर्द और मांसपेशियों में दर्द की समस्या हो सकती है। आदर्श तापमान 24-26°C माना जाता है, जो आरामदायक भी होता है और हेल्दी भी।
नियमित रूप से सफाई
AC की नियमित सफाई भी उतनी ही जरूरी है। गंदे फिल्टर में धूल, बैक्टीरिया और फंगस जमा हो जाते हैं, जो हवा के साथ शरीर में जाते हैं और एलर्जी या सांस की समस्या पैदा कर सकते हैं। इसलिए समय-समय पर फिल्टर साफ करवाना जरूरी है।
लगातार चलाने से बचें
लगातार बंद कमरे में AC चलाना भी सही नहीं है। इससे कमरे में ताजी हवा का फ्लो रुक जाता है और ऑक्सीजन लेवल कम हो सकता है। कोशिश करें कि बीच-बीच में दरवाजा या खिड़की खोलकर वेंटिलेशन बनाए रखें।
सीधे AC की ठंडी हवा के सामने बैठने से बचें:
सीधे AC की ठंडी हवा के सामने बैठना या सोना भी नुकसानदायक हो सकता है। इससे त्वचा सूखी हो जाती है, मांसपेशियों में अकड़न और गले में खराश जैसी समस्याएं हो सकती हैं। हमेशा एयर फ्लो को डायरेक्ट बॉडी पर पड़ने से बचाएं।
अगर इन छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखा जाए, तो आप बिना किसी जोखिम के AC की ठंडक का आनंद ले सकते हैं और अपनी सेहत को भी सुरक्षित रख सकते हैं।