1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. ज़ायक़ा
  4. शाम के नाश्ते में बनाएं शकरकंद की चाट, स्वाद में लाजवाब और सेहत के लिए बेमिसाल, नोट करें रेसिपी

शाम के नाश्ते में बनाएं शकरकंद की चाट, स्वाद में लाजवाब और सेहत के लिए बेमिसाल, नोट करें रेसिपी

 Written By: Ritu Raj
 Published : Oct 06, 2026 04:23 pm IST,  Updated : Oct 06, 2026 04:23 pm IST

आपने आम चाट तो कई तरह की खाई होगी लेकिन क्या आपने कभी शकरकंद की चाट खाई है। ये खाने में स्वादिष्ट होने के साथ साथ सेहत के लिए भी फायदेमंद मानी जाती है। यहां हम आपके लिए शकरकंद की चाट की रेसिपी लेकर आए हैं। फटाफट नोट करें रेसिपी।

शाम के नाश्ते में बनाएं शकरकंद की चाट, स्वाद में लाजवाब और सेहत के लिए बेमिसाल- India TV Hindi
शाम के नाश्ते में बनाएं शकरकंद की चाट, स्वाद में लाजवाब और सेहत के लिए बेमिसाल Image Source : YUM CURRY/YOUTUBE

शाम की चाय के साथ अक्सर हमारा मन कुछ चटपटा खाने का करता है। ऐसे में अब लोग शाम के नाश्ते के लिए ऐसा ऑप्शन ढूंढते हैं जो लाजवाब भी हो और सेहत के लिए भी फायदेमंद हो। अगर आपका कुछ चटपटा और सेहतमंद खाने का मन हो, तो शकरकंद की चाट से बेहतर कोई ऑप्शन नहीं हो सकता। शकरकंद न केवल स्वाद में बेहतरीन होती है, बल्कि यह फाइबर, विटामिन-ए, सी और पोटैशियम जैसे पोषक तत्वों से भरपूर होती है। यहां हम आपके लिए शकरकंद की चाट की रेसिपी लेकर आए हैं। यहां से नोट करें रेसिपी।

सामग्री

  • शकरकंद: 500 ग्राम (उबली हुई)
  • हरी मिर्च: 1-2 (बारीक कटी हुई)
  • हरा धनिया: 2 बड़े चम्मच (बारीक कटा हुआ)
  • अनार के दाने: 3-4 बड़े चम्मच (सजावट और क्रंच के लिए)
  • भुना जीरा पाउडर: 1 छोटा चम्मच
  • चाट मसाला: 1 छोटा चम्मच
  • काला नमक: आधा छोटा चम्मच (स्वादानुसार)
  • लाल मिर्च पाउडर: आधा छोटा चम्मच
  • नींबू का रस: 1 से 2 बड़े चम्मच
  • हरी चटनी (पुदीना-धनिया): 2 बड़े चम्मच
  • मीठी (इमली) चटनी: 1 से 2 बड़े चम्मच (ऐच्छिक)
  • घी या तेल: 1 बड़ा चम्मच (रोस्ट करने के लिए)

बनाने का तरीका

शकरकंद उबालें और काटें: सबसे पहले शकरकंद को अच्छी तरह धोकर कुकर में 1-2 सीटी आने तक उबाल लें। ध्यान रखें कि शकरकंद ज्यादा न गले। ठंडी होने पर इसका छिलका उतारें और गोल या चौकोर टुकड़ों में काट लें।

हल्का रोस्ट करें: इसके बाद एक पैन में 1 चम्मच घी या तेल गरम करें। इसमें कटी हुई शकरकंद डालकर मध्यम आंच पर 3-4 मिनट तक सुनहरा और कुरकुरा होने तक भून लें। इससे चाट में हल्का स्मोकी और क्रंची स्वाद आता है।

मसाले मिलाएं: भुनी हुई शकरकंद को एक बड़े मिक्सिंग बाउल में निकालें। अब इसमें भुना जीरा पाउडर, चाट मसाला, काला नमक और लाल मिर्च पाउडर डालें।

चटनी और नींबू मिलाएं: अब इसमें हरी चटनी, इमली की मीठी चटनी, बारीक कटी हरी मिर्च और ताज़ा नींबू का रस मिलाएं। सभी चीजों को हल्के हाथों से टॉस करें ताकि मसाले शकरकंद पर अच्छी तरह लिपट जाएं। फिर इसे धनिया से गार्निश करें और सर्व करें। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Recipes से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लाइफस्टाइल।