1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. फीचर
  4. बाथरूम की गंदी दीवारों को चमकाने का आसान तरीका, फर्श की तरह पोंछा लगाते ही चमक उठेंगी

बाथरूम की गंदी दीवारों को चमकाने का आसान तरीका, फर्श की तरह पोंछा लगाते ही चमक उठेंगी

 Written By: Bharti Singh @bhartinisheeth
 Published : Jun 16, 2026 03:12 pm IST,  Updated : Jun 16, 2026 03:12 pm IST

Bathroom Wall Cleaning Tips: बाथरूम में नहाने से साबुन-शैंपू के छींटे दीवारों पर पड़ते हैं। अगर लंबे समय तक दीवारों को साफ न किया जाए तो ये पीली और भद्दी दिखने लगती हैं। बाथरूम की गंदी दीवारों को साफ करने के लिए ये उपाय अपना सकते हैं।

बाथरूम की गंदी दीवारें कैसे साफ करें- India TV Hindi
बाथरूम की गंदी दीवारें कैसे साफ करें Image Source : INDIA TV

बाथरूम घर की वो जगह है जिसका दिनभर में सबसे ज्यादा इस्तेमाल होता है। ऐसे में बाथरूम की सफाई तो हम कर लेते हैं लेकिन बाथरूम की दीवारों को साफ करना कई बार भूल जाते हैं। नहाने के बाद बाथरूम की टाइल पीली पड़ जाती हैं और चमक कम होने लगती है। कई बार साबुन के साथ मैल भी बाथरूम की दीवारों के रंग को पीला और भद्दा बना देता है। जिससे दीवार पर धुंधली, चिपचिपी परत जैसी जम जाती है। इसे साफ करने के लिए बहुत रगड़ने और घिसने की जरूरत नहीं पड़ेगी, आप सिर्फ कुछ आसान उपायों से बाथरूम की दीवारों को साफ कर सकते हैं। 

बाथरूम की दीवार कैसे साफ करें

सिरका और बेकिंग सोडा- इसके लिए सिरका और बेकिंग सोडा का इस्तेमाल कर सकते हैं। इससे नेचुरली बाथरूम की दीवारों पर लगी टाइल्स साफ हो जाती हैं। इसके लिए 1 कप सफेद सिरका, 1/2 कप बेकिंग सोडा, थोड़ा गर्म पानी को मिक्स करें। एक स्प्रे बोतल में सिरका और गर्म पानी मिलाएं। टाइलों पर अच्छी तरह से स्प्रे करें और इसे 10-15 मिनट के लिए छोड़ दें। बेकिंग सोडा और थोड़ी मात्रा में पानी मिलाकर पेस्ट बना लें। इसे जिद्दी दागों या ग्राउट लाइनों पर लगाएं। स्पंज से रगड़ें और साफ पानी से धो लें। इससे दाग धब्बे गायब हो जाएंगे और टाइल्स साफ हो जाएंगी।

बर्तन धोने का लिक्विड और गर्म पानी- आपको ज्यादा मेहनत से बचना है तो इसके लिए दो बड़े चम्मच बर्तन धोने का लिक्विड साबुन और 2 कप गुनगुना पानी मिलाकर दीवारों पर अच्छी तरह से लगा दें। अब माइक्रोफाइबर कपड़ा या स्पंज से दीवारों को साफ कर लें। आपको ऐसे क्लीन करना है जैसे फर्श पर पोंछा लगाते हैं। 

हाइड्रोजन पेरोक्साइड- अगर दाग बहुत पुराने और जिद्दी हैं तो इसके लिए हाइड्रोजन पेरोक्साइड का इस्तेमाल कर सकते हैं। इससे दीवारों पर लगी फफूंदी या जिद्दी पीले दाग साफ हो जाएंगे। 1 कप हाइड्रोजन पेरोक्साइड, 1 बड़ा चम्मच बेकिंग सोडा मिलाएं और ब्रश की मदद से टाइल्स पर लगा दें। 10 मिनट लगा रहने दें और फिर स्क्रबर की मदद से रगड़कर क्लीन कर लें। इससे आपकी गंदी टाइलें चमकदार हो जाएंगी।

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Features से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लाइफस्टाइल