अंडे को एक सुपरफूड माना गया है। इसके सेवन से कई स्वास्थ लाभ मिलते हैं। इस वजह से कुछ लोग रोज उबले अंडे खाना पसंद करते हैं। अंडा प्रोटीन का बेहतरीन सोर्स माना जाता है। कई हेल्थ एक्सपर्ट्स का मानना है कि अंडे को उबालकर खाने से ज्यादा फायदा मिलता है। लेकिन कई लोगों को अंडा सही तरह से उबालने नहीं आता। कई बार अंडों को उबालते समय या तो जर्दी पूरी तरह कच्ची रह जाती है या फिर सफेदी रबर जैसी हो जाती है। अगर आपकी भी यही समस्या है तो घबराने की जरूरत नहीं है। यहां हम आपको अंडा उबालने के सही तरीके के बारे में बताने जा रहे हैं। यहां जान लें अंडे को कितने मिनट तक उबालना चाहिए।
अंडा उबालने का सही समय
अंडे को उबालने का समय इस बात पर निर्भर करता है कि आपको जर्दी कैसी पसंद है।
- 6 मिनट तक उबालने से अंडे का सफेद हिस्सा हल्का जम चुका होता है, लेकिन जर्दी पूरी तरह 'रनिंग योक' रहती है।
- 8 मिनट तक उबालने से जर्दी किनारों से जमना शुरू हो जाती है, लेकिन बीच से सुनहरी और जैम जैसी गाढ़ी होती है।
- अगर 10 मिनट तक अंडे को उबाला जाए तो जर्दी पूरी तरह जम जाती है लेकिन बीच से हल्की नमी वाली और मलाईदार रहती है। सलाद के लिए यह बेस्ट है।
- 12-14 मिनट तक उबालने से सफेद हिस्सा सख्त और जर्दी पूरी तरह से सूखी और हल्के पीले रंग की हो जाती है।
परफेक्ट अंडे उबालने का सही तरीका
अंडे उबालने के लिए केवल पानी और आंच ही काफी नहीं है, बल्कि सही प्रक्रिया भी जरूरी है।
- बर्तन का चुनाव: एक गहरे बर्तन में अंडे रखें और इतना पानी डालें कि अंडे कम से कम 1 इंच नीचे डूब जाएं।
- नमक का उपयोग: उबलते पानी में आधा चम्मच नमक जरूर डालें। इससे छिलका उतारने में आसानी होती है और अगर अंडा हल्का सा चटक भी जाए, तो सफेद हिस्सा बाहर नहीं फैलता।
- आंच का रखें ध्यान: पानी में उबाल आने के बाद गैस की आंच धीमी कर दें।
- ओवरकुकिंग से बचें: अंडे को कभी भी 15 मिनट से ज्यादा न उबालें। ऐसा करने पर जर्दी के चारों ओर एक ग्रे/हरा घेरा बन जाता है, जो देखने में खराब लगता है और स्वाद भी खराब हो सकता है।