कटहल ऐसी सब्जी है जो खाने में स्वाद लगती है, लेकिन इसे बनाना और काटना काफी मुश्किल भरा काम लगता है। खासतौर से कटहल को छीलना और काटना किसी टास्क से कम नहीं है। कुछ लोग तो इसी झंझट की वजह से कटहल नहीं खाते हैं या पूरा छिला हुआ और कटा हुआ कटहल ही खरीदकर लाते हैं। लेकिन बड़े परिवार में रहने वाले लोग या जिनके आसपास कटहल पैदा होता है वो पूरा कटहल लेकर आते हैं और फिर उसे घर पर ही छीलकर काटकर पकाते हैं। कटहल को काटते वक्त इसमें से दूध जैसा चिपचिपा पदार्थ निकलता है, जो हाथ पर चिपक जाता है। इससे हाथ गंदे और चिपचिपे हो जाते हैं। अगर आप भी कटहल को काटने की परेशानी के कारण खाने और खरीदने से बचते हैं तो हम आपको कुछ आसान टिप्स बता रहे हैं, जिससे कटहल काटते वक्त हाथ बिल्कुल भी नहीं चिपकेंगे।
कटहल काटने का तरीका, नहीं चिपकेगा हाथ
ठंडे पानी में डालें- कटहल को काटने से पहले उसे बर्फ के पानी में डाल दें। इसके लिए एक बाउल में बर्फ वाला ठंडा पानी लें और इसमें नमक हल्दी डाल दें। अब इसमें कटहल को डाल दें। इससे कटहल काला नहीं पडे़गा और चिपक भी कम हो जाएगी।
तेल लगाकर काटें- अब जिस चाकू से आपको कटहल को काटना है उस पर सरसों का तेल लगा लें। जिस हाथ से कटहल काटना है उस पर भी तेल लगा लें। एक कटोरी में सरसों के तेल रख लें और जैसे कटहल हाथ से चिपके तेल लगाते रहें। हालांकि कटहल मोटा और बड़ा होता है और तेल लगाने के बाद चाकू फिसल सकता है। इसलिए काटते वक्त ध्यान रखें।
कटहल का दूध निकालें- सब्जी के लिए कटहल काटने से पहले उसका दूध निकाल दें, यही चिपचिपाहट बढ़ाता है। इसके लिए कटहल को दोनों सिरों से काट लें और फिर बीच से दो हिस्सों में कट कर दें। अब कटहल को ऐसे ही रहने दें। इससे सारा दूध जैसा चिपचिपा पदार्थ निकल जाएगा।
लंबाई में काटें- कटहल को गोल काटने की बजाय लंबाई में काटें। इससे उसकी चिपक कम निकलती है और कटहल को काटना आसान हो जाता है। लंबाई में काटने से कटहल के बीज भी आसानी से निकल आते हैं। कटहल के बीच वाले हिस्से को हल्का निकाल दें।
नमक हल्दी वाले पानी में डाल दें- जैसे ही कटहल के छोटे टुकड़े करते जाएं, उसे नमक और हल्दी वाले ठंडे पानी में डालते जाएं। इससे कटहल एकदम सफेद बना रहेगा और सब्जी बनाते वक्त इस पानी से निकाल लें। आप इस कटहल को पानी से निकालकर किसी एयरटाइट बॉक्स में डालकर 2-3 दिन के लिए स्टोर कर सकते हैं।