आंवला को चटनी के रूप में डाइट में आसानी से शामिल किया जा सकता है। अगर आपको नॉर्मल हरी मिर्च, हरा धनिया वाली आंवला चटनी पसंद नहीं है तो इसकी जगह आवंला और मूंगफली की तड़का चटनी बनाकर खा सकते हैं। ये चटनी आंवला डाइट में शामिल करने का आसान और स्वादिष्ट तरीका है। इस चटनी से सिर्फ विटामिन C ही नहीं बल्कि हेल्दी फैट्स, फाइबर, एंटीऑक्सीडेंट और भरपूर स्वाद मिलता है। आइये जानते हैं देसी स्टाइल में आंवले की चटनी कैसे बनाएं जिसमें मूंगफली और गर्म तेल का स्वाद इसके टेस्ट को गई गुना बढ़ा देगा।
आंवला सिंगदाना चटनी रेसिपी
पहला स्टेप- चटनी बनाने के लिए सबसे पहले पत्थर का सिल या दूसरा क्रश करने वाला बर्तन लें, जिसमें बिना मिक्सी की चटनी बनाई जाती है। अब इसमें 8-10 कली लहसुन डालें और इसे अच्छी तरह क्रश करते हुए कूट लें। अब आधा कटोरी भुनी मूंगफली के दाने लें और इन्हें छिलका हटाकर या ऐसे ही डालकर लहसुन के साथ दरदरा पीस लें। अब इसमें 1 चम्मच कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर डालें और सारी चीजों को अच्छी तरह से मिक्स कर लें।
दूसरा स्टेप- अब चटनी को गांव वाला देसी स्वाद देने के लिए एक मिट्टी का बर्तन लें और उसमें बारीक कटा 1 बड़ा प्याज डालें। इसमें 1 बारीक कटा टमाटर, 1-2 बारीक कटे आंवला डालें। अब तैयार लहसुन और सिंगदाना वाला मिश्रण डालें। बारीक कटा धनिया डाल दें। 1-2 बारीक कटी हरी मिर्च और 1-2 लंबाई में कटी साबुत मिर्च डाल दें। इसमें नमक, थोड़ा आमचूर मसाला, थोड़ा चाट मसाला डालें।
तीसरा स्टेप- अब कलछी में सरसों का तेल डालें और इसमें हींग और जीरा डालकर पकाएं। अब इस गर्म तेल को तैयार चटनी के पूरे मिश्रण पर डालकर फैला दें। इसे हाथ से अच्छी तरह मसलते हुए मिलाए, ऊपर से डाल दें नींबू, तैयार है एकदम स्वादिष्ट आवंला सिंगदाना चटनी। इसे आप किसी भी सब्जी के साथ, चावल के साथ या ऐसे ही रोटी के साथ खा सकते हैं।