गर्मी में सब्जियां तेजी से खराब होती है और सूखने लगती है। तापमान बढ़ने के साथ ही खाने-पीने की चीजों का ख्याल रखना जरूरी हो जाता है। लापरवाही बरतने पर खाने की चीजें, सब्जियां और फल तेजी से खराब होने लगते हैं। गर्मी में आलू उगने लगते हैं और उसमें से जड़ें निकलने लगती हैं। अगर ज्यादा मात्रा में आलू खरीदकर स्टोर कर रहे हैं तो कई बार आलू सड़ने लगते हैं। इससे बदबू फैलती है और दूसरे आलू भी जल्दी खराब होते हैं। अगर आप भी आलू को लंबे समय के लिए स्टोर करना चाहते हैं और खराब होने से बचाना चाहते हैं तो आलू स्टोर करने के लिए इन टिप्स को जरूर फॉलो करें।
दरअसल मौसम में हीट की वजह से आलू की जड़ें निकलने लगती हैं। आलू गर्म तापमान में बहुत जल्दी खराब होते हैं। इसलिए आप आलू को स्टोर करने के ये आसान तरीके जरूर अपनाएं। इससे आलू को लंबे समय तक फ्रेश रख सकते हैं।
आलू को खराब होने से कैसे बचाएं
तापमान का ध्यान रखें- आलू को स्टोर करना है तो टेंपरेचर का ध्यान जरूर रखें। ज्यादा मात्रा में आलू हैं तो उन्हें गर्म जगह पर या बहुत ठंडी जगह पर स्टोर न करें। इससे आलू जल्दी खराब हो जाते हैं। आप आलू को थोड़ी ठंडी और सूखी जगह पर रखें। तेज गर्मी से आलू सूखने लगते हैं और जड़ें भी निकलने लगती हैं। आप किचन पेंट्री या अलमारी में आलू को रख सकते हैं जहां हवा पास होती हो।
धूप से बचाएं- आलू को खराब होने से बचाने के लिए धूप में न रखें। रौशनी में रखने पर धूर की सीधी किरणें आलू को खराब कर सकती हैं। इससे आलू का रंग बदलकर हरा हो सकता है। हरे आलू खाना सेहत के लिए अच्छा नहीं है। इसलिए आलू को अंधेरे वाली जगह पर रखें। आलू को प्लास्टिक बैग की बजाय पेपर बैग या गत्ते में रखें।
हवादार जगह चुनें- आलू को लंबे समय स्टोर करने के लिए हवादार जगह का चुनाव करें। जहां आलू को स्टोर कर रहे हैं वहां एयर वेंटिलेशन अच्छा होना चाहिए। आलू को किसी टोकरी में स्टोर करें जिससे उन्हें चारों तरफ से हवा मिलती रहे। हवा पास होने के लिए आलू को हमेशा टोकरी में स्टोर करना अच्छा होता है।
फ्रिज में आलू रख सकते हैं- कुछ लोग दूसरी सब्जियों की तरह आलू को फ्रिज के अंदर रख देते हैं। लेकिन ऐसा करना ठीक नहीं है। इससे आलू का स्वाद और उसका टेक्शचर बदल जाता है। अगर आलू कटे हुए हैं तो थोड़ी देर के लिए उन्हें पानी में डालकर फ्रिज में रख सकते हैं। लेकिन लंबे समय के लिए आलू को फ्रिज में स्टोर नहीं करना चाहिए।