डॉक्टर्स कहते हैं कि खाना स्वाद के लिए नहीं बल्कि शरीर के लिए खाना चाहिए। आपको डाइट में ऐसी चीजें शामिल करनी चाहिए, जिससे शरीर लंबे समय तक स्वस्थ रहे और भरपूर एनर्जी मिलती रहे। ज्यादा खाना नहीं बल्कि हेल्दी खाने की आदत को अपनाना जरूरी है। कुछ लोग स्वाद के चक्कर में ओवरईटिंग कर बैठते हैं जिससे वजन बढ़ता है और पाचनतंत्र पर भी असर पड़ता है। ऐसे में आज हम आपको कुछ ऐसी आदतें बता रहे हैं जिन्हें अपनाकर आप ओवरईटिंग को कंट्रोल कर सकते हैं और वजन भी कम होगा। जानिए ज्यादा खाने से कैसे बचें?
ज्यादा खाना खाने से कैसे बचें
प्रोटीन रिच फूड खाएं- सुबह सबसे पहले अपनी डाइट में प्रोटीन से भरपूर चीजें शामिल करें। इससे लंबे समय तक आपका पेट भरा रहेगा और भूख कम लगेगी। इसके लिए सुबह अंडे, चिकन या बीन्स का सेवन करें। इससे आप कार्ब्स खाने से बचेंगे।
बड़े बर्तन से या पैकेट से सीधे न खाएं- कुछ लोग पैकेज से ही चीजों को खाने लगते हैं। ऐसा करने से आप ज्यादा खा जाते हैं। इसलिए हमेशा बड़े बर्तन से खाना अपनी प्लेट में लें और फिर खाएं। आपको हर मील के लिए प्लेट और कटोरी का इस्तेमाल करना चाहिए। इससे कम खाकर भी आपको ज्यादा खाने वाली फीलिंग आएगी।
खाने से पहले एक गिलास पानी पिएं- जब भी खाना खाने जाएं तो उससे थोड़ी देर पहले 1 गिलास पानी पी लें। इससे आपका पेट जल्दी भर जाएगा। कई बार आपको सिर्फ प्यास लगती है लेकिन आप कुछ खा लेते हैं। लेकिन पानी पीने से आप ऐसा करने से बच जाएंगे।
दोबारा खाने लेने से बचें- एक बार खाना लेने के बाद दोबारा खाना लेने से बचें। दूसरी सर्विंग की बजाय एक सर्विंग के बाद थोड़ा रुककर देखें और शरीर को यह तय करने का समय दें कि आपका पेट भर गया है या और खाने की जरूरत है। मन को बताएं कि आप थोड़ी देर में फिर से खाएंगे। इससे आप एक बार में ज्यादा खाने से बच सकेंगे।
खाना खाते समय ध्यान लगाकर खाएं- जब खाना खाएं तो सारा फोकस खाने पर ही रखें। अगर आप बिना सोचे-समझे खाते हैं तो इससे ओवरईटिंग हो सकती है। इसलिए मूवी देखते वक्त या फिर फोन चलाते हुए खाना न खाएं। खाने पर ध्यान दें, धीरे-धीरे चबाकर भोजन करें, पेट और शरीर को सुनें। इससे तरह आप ज्यादा खाने से बच सकते हैं।