बारिश के मौसम में रोजाना हेलमेट पहनकर सफर करना एक बड़ी चुनौती बन जाता है। नमी, पसीने और सही हवा न मिलने के कारण हेलमेट के अंदर से अजीब सी तेज बदबू आने लगती है। हेलमेट सिर्फ दुर्गंध की समस्या नहीं है, बल्कि इससे बालों में डैंड्रफ, हेयरफॉल, इंफेक्शन और स्किन प्रॉब्लम्स भी हो सकती हैं। अगर आपका हेलमेट भी बारिश के दिनों में बदबू देने लगा है, तो नए हेलमेट पर पैसे खर्च करने के बजाय आप इन आसान और असरदार उपायों को अपना सकते हैं। इसकी मदद से बदबू से आसानी से छुटकारा मिल सकता है।
1. हेलमेट की पैडिंग साफ करें
आजकल ज्यादातर हेलमेट में अंदर की पैडिंग बाहर निकल जाती है। इसे निकालकर किसी हल्के डिटर्जेंट या एंटी-बैक्टीरियल लिक्विड वॉश में 15–20 मिनट के लिए भिगो दें। इसके बाद साफ पानी से धोकर इसे कड़ी धूप या पंखे की तेज हवा में पूरी तरह सुखाएं। जब तक नमी पूरी तरह खत्म न हो, इसे वापस हेलमेट में न लगाएं।
2. बेकिंग सोडा का इस्तेमाल करें
बेकिंग सोडा नमी और दुर्गंध दोनों को सोखने का सबसे बेहतरीन घरेलू उपाय है। अगर पैडिंग नहीं निकलती, तो हेलमेट के अंदर थोड़ा सा बेकिंग सोडा छिड़क दें। इसे रात भर के लिए ऐसे ही छोड़ दें। अगली सुबह सूखे कपड़े या ब्रश से इसे अच्छे से साफ कर लें। बदबू पूरी तरह गायब हो जाएगी।
3. वाइनगर और पानी का स्प्रे
सफेद सिरका बैक्टीरिया को खत्म करने में बेहद कारगर है। एक स्प्रे बोतल में बराबर मात्रा में पानी और सिरका मिलाएं। इस घोल को हेलमेट के अंदर छिड़कें और इसे किसी हवादार जगह पर सूखने के लिए रख दें। सिरके की अपनी महक सूखने के साथ ही खत्म हो जाती है।
4. ड्राई शैम्पू या फैब्रिक रिफ्रेशर
अगर आपको तुरंत कहीं निकलना है और हेलमेट से बदबू आ रही है, तो ड्राई शैम्पू या फैब्रिक रिफ्रेशर स्प्रे का इस्तेमाल करें। इसे अंदर की तरफ स्प्रे करने से पसीने की नमी तुरंत सोख ली जाती है और अच्छी खुशबू आने लगती है।
5. कॉटन स्कल कैप या रुमाल पहनें
बदबू को रोकने का सबसे अच्छा तरीका है कि पसीना हेलमेट की फोम तक पहुंचे ही न। जब भी हेलमेट पहनें, उससे पहले सिर पर कॉटन की स्कल कैप, बालाक्लावा या रुमाल जरूर बांधें। इसे आप रोज आसानी से धो सकते हैं।