गर्मी में घर को ठंडक देने के लिए इनडोर और आउटडोर प्लांट लगाना अच्छा है। इससे न सिर्फ घर देखने में खूबसूरत लगता है बल्कि घर की हवा साफ होती है। इससे घर में नमी रहती है और घर ठंडा रहता है। मनी प्लांट इसके लिए अच्छा पौधा है। आप इसे घर के अंदर या बाहर कहीं भी रख सकते हैं। लेकिन मनी प्लांट की सही देखभाल जरूरी है। कई बार मनी प्लांट की पत्तियां पीली पड़कर जल जाती हैं। मनी प्लांट की पत्तियां आगे टिप से काली पड़ने लगती हैं। आइये जानते हैं ऐसा क्यों होता है। मनी प्लांट की पत्तियां क्यों जलने लगती हैं। मनी प्लांट को हरा कैसे रखें।
मनी प्लांट की पत्तियां क्यों जलने लगती हैं?
धूप हो सकता है कारण- मनी प्लांट की पत्तियां अगर पीली पड़ रही हैं और पत्ती की टिप से यानि आगे वाले हिस्से से हल्की ब्राउन होने लगी हैं तो समझ लें गर्मी और धूप के कारण पत्तों को नमी नहीं मिल पा रही है। इससे पत्तियां जलने लगती है और पत्तियों का रंग पीला पड़ जाता है। जो पत्तियां खराब होने वाली होती हैं वो मुलायम होकर लटकने लगती हैं। मनी प्लांट के लिए 20 से 25 डिग्री का तापमान अच्छा होता है।
पत्तियों को नमी न मिलना- कई बार पौधे की जड़ों में तो नमी होती है लेकिन पत्तियों को सही तरीके से नमी नहीं मिल पाती है। इसके लिए जरूरी है कि तापमान बढ़ने पर पौधों पर पानी का छिड़काव करते रहें। पौधे की जड़ में तो पानी डालें ही साथ ही पत्तियों पर दिन में 1-2 बार पानी स्प्रे कर लें। कोशिश करें कि इस समय यानि अप्रैल मई और जून के महीने में मनी प्लांट को घर के अंदर रखें। पौधे पर ठंडे पानी का स्प्रे करने से प्लांट हेल्दी रहेगा।
तापमान- कई बार तापमान अचानक से बदलने यानि कभी बारिश और कभी तेज धूप होने पर भी मनी प्लांट पर असर पड़ सकता है। प्लांट स्ट्रेस में जाएगा तो इससे पत्तियां पीली और काली पड़ जाती हैं। इसलिए तापमान का ख्याल रखें।
बहुत पानी डालना- कई बार ज्यादा पानी देने से भी पौधे की पत्तियां काली और पीली होने लगती हैं। पौधे की जड़ों में नमी ज्यादा बढ़ने से प्लांट को परेशानी होती है। इसलिए मनी प्लांट की मिट्टी सूखने के बाद ही आपको पानी डालना है। ज्यादा पानी डालने से बचें।
कम पानी डालना- कई बार आप पौधे में पानी डालना भूल जाते हैं। अगर आपने कभी 1 दिन पानी नहीं डाला तो इससे पौधा नहीं सूखता, लेकिन अक्सर आप ऐसा करते हैं कि कभी पानी डाल दिया कभी पौधे की मिट्टी सूखने पर भी पानी नहीं डाला तो इससे भी पौधे की पत्तियां पीली हो सकती हैं।