1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. ज़ायक़ा
  4. चौलाई का रायता खून बढ़ाने में करेगा मदद, खाने के स्वाद को कर देगा दोगुना, फटाफट नोट कर लें रेसिपी

चौलाई का रायता खून बढ़ाने में करेगा मदद, खाने के स्वाद को कर देगा दोगुना, फटाफट नोट कर लें रेसिपी

 Written By: Bharti Singh
 Published : Aug 14, 2026 06:00 am IST,  Updated : Aug 14, 2026 06:00 am IST

बरसात के दिनों में चौलाई का साग बाजार में खूब मिलता है। मार्केट में हरी और लाल चौलाई मिलते हैं, जिससे आप सब्जी, साग या रायता बनाकर खा सकते हैं। हम आपको हरी चौलाई का स्वादिष्ट रायता बनाने की रेसिपी बता रहे हैं। इससे शरीर में खून की कमी पूरी होगी।

चौलाई रायता रेसिपी- India TV Hindi
चौलाई रायता रेसिपी Image Source : INDIA TV

इन दिनों बाजार में चौलाई का साग बिक रहा है। चौलाई बारिश के दिनों में उगने वाली हरी सब्जी है जो पोषक तत्वों से भरपूर है। चौलाई खाने से शरीर को कई फायदे मिलते हैं। इससे शरीर में लाल रक्त कोशिकाएं बढ़ती हैं। जिनके शरीर में खून की कमी है और हीमोग्लोबिन कम है उन्हें चौलाई का सेवन करना चाहिए। ज्यादातर लोग चौलाई का साग या सब्जी बनाकर खाते हैं। लेकिन एक बार चौलाई का रायता बनाकर खाएंगे तो उंगलियां चाटते रह जाएंगे। चौलाई का रायता खाने में इतना टेस्टी लगता है कि आपके खाने के स्वाद को दोगुना कर देगा। चौलाई के रायते को आप किसी सब्जी के साथ साइड डिश की तरह खा सकते हैं। अगर सब्जी बनाने का मन नहीं हो तो सिर्फ इस रायते से भी रोटी-पराठे खा सकते हैं। आइये जानते हैं चौलाई का रायता बनाने की आसान रेसिपी।

चौलाई का रायता बनाने की रेसिपी

पहला स्टेप- रायता बनाने के लिए सबसे पहले चौलाई के पत्ते लें और उन्हें अच्छी तरह से पानी से 2-3 बार धो लें। अब बड़े डंठलों को हटाकर चौलाई के पत्तों को कुकर में डालें। आधा कप पानी डालें और 1 सीटी आने तक पकाएं। गैस बंद कर दें और चौलाई को ठंडा होने दें।

दूसरा स्टेप- अब दही लें और दही को मिक्सी में डालकर या व्हिस्कर की मदद से फेंटकर स्मूद कर लें। जब चौलाई के पत्ते ठंडे हो जाएं तो इन्हें मिक्सी में डालकर पीस लें। चौलाई पीसते वक्त 2-3 कली लहसुन, 2 हरी मिर्च, आधा इंच अदरक का टुकड़ा डालकर पीसें। इस पेस्ट को एक छन्नी में डालकर चम्मच की मदद से छान लें। पिसे हए चौलाई के पेस्ट को दही में मिला दें। 

तीसरा स्टेप- दही में रायता मसाला, काला नमक, सफेद नमक, काली मिर्च, भुना जारी पाउडर, 1 चुटकी लाल मिर्च डालें। सारी चीजों को मिक्स कर दें। अगर आपको रायते में बूंदी पसंद हैं तो मिला सकते हैं। अब आखिर में रायते में स्मोकी फ्लेवर के लिए इसमें हींग का तड़का जरूर लगाएं।

चौथा स्टेप- तड़का लगाने के लिए पैन में सरसों का तेल गर्म करें। इसमें जीरा और थोड़ी ज्यादा मात्रा में हींग मिलाएं। आप 1-2 कली लहसुन को बारीक काटकर भी डाल सकते हैं। अब तड़का सहित पूरी कलछी को रायते में डाल दें और तुरंत ढक दें। इससे रायते में स्मोकी फ्लेवर आएगा। तड़का लगा रायता खाने में ज्यादा टेस्टी भी लगता है।

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Recipes से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लाइफस्टाइल