1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. ज़ायक़ा
  4. चावल का आटा और चना दाल से बनाएं स्वादिष्ट फरे, खाने वाले मांगते रह जाएंगे, नोट कर लें आसान रेसिपी

चावल का आटा और चना दाल से बनाएं स्वादिष्ट फरे, खाने वाले मांगते रह जाएंगे, नोट कर लें आसान रेसिपी

 Written By: Bharti Singh @bhartinisheeth
 Published : Jul 27, 2026 10:45 am IST,  Updated : Jul 27, 2026 10:45 am IST

चावल के आटे और चना दाल से बने फरे खाने में बहुत स्वादिष्ट लगते हैं। ये हाई प्रोटीन फूड नाश्ते और डिनर के लिए परफेक्ट है। आप इसे चटनी या सॉस के साथ खा सकते हैं। फरे की रेसिपी बड़ी आसान है।

चावल और चना दाल के फरा- India TV Hindi
चावल और चना दाल के फरा Image Source : INDIA TV

नाश्ते में कुछ हेल्दी खाना है तो आप चना दाल और चावल के फरे बनाकर खा सकते हैं। ये खाने में स्वादिष्ट और बनाने में आसान है। उत्तर प्रदेश और बिहार में लोग इसे पारंपरिक नाश्ते के रूप में खाना पसंद करते हैं। जब कुछ हल्का फुल्का खाने का मन हो तो चावल के फरे बनाकर खा सकते हैं। फरे में तेल न के बराबर लगता है और ये आसानी से पच जाने वाले होते हैं। इसलिए फरे को लोग सेहतमंद मानकर भी डाइट में शामिल करते हैं। अगर आपको भी फरे पसंद हैं तो हम इसे बनाने की बड़ी आसान रेसिपी बता रहे हैं। इससे घर में बिना किसी झंझट के आप फरे बनाकर खा सकते हैं। फटाफट नोट कर लें फरे की रेसिपी।

फरे की रेसिपी

पहला स्टेप- फरे बनाने के लिए आपको सबसे पहले चने की दाल को करीब 3-4 घंटे के लिए पानी में भिगो कर रखना है। इससे दाल फूल जाएगी और इसे पीसना आसान हो जाएगा। दाल को धो लें और उसका पूरा पानी निकाल दें।

दूसरा स्टेप- अब भीगी हुई चना दाल को अदरक, जीरा, हरी मिर्च और लहसुन के साथ बिना पानी डाले दरदरा पीस लें। इसमें नमक, हल्दी, हींग और कटा हुआ धनिया मिलाएं।

तीसरा स्टेप- एक पैन में पानी उबालें, उसमें नमक और तेल डालें। अब गैस की फ्लेम बंद कर दें और गर्म पानी में चावल का आटा डालकर मिलाएं। करीब 5 मिनट के लिए इसे ढक कर रख दें। फिर इसे हाथ से मसलकर नरम गूंथ लें। अब चावल के आटे से छोटी-छोटी पूरियां बेलें और उसके बीच में दाल का मसाला रखते जाएं।

चौथा स्टेप- अब एक एक पूरी को बीच से हल्का मोड़ दें। आपको इसे पूरी तरह से बंद नहीं करना है। इसे गुजिया जैसा करना है लेकिन बंद नहीं करना है। सिर्फ आधा मोड़ना है।

पांचवां स्टेप- एक स्टीमर लें और उसमें पानी गर्म करें। इसमें फरों को 15-20 मिनट तक भाप में पकाएं। इस तरह से सारे फरे भाप में पका लें और फिर इनके लिए तड़का बनाकर तैयार कर लें।  तड़का बनाने के लिए कड़ाही में सरसों का तेल गरम करें। इसमें राई, करी पत्ता, हींग और लाल मिर्च डालकर चटकाएं। अब इसमें स्टीम किए हुए फरे डालकर हल्का फ्राई कर लें। 

तैयार फरे को सॉस, हरी चटनी या फिर हरी मिर्च, टमाटर की चटनी के साथ इंजॉय करें। आप इसे साउथ इंडियन चटनी जैस नारियल की चटनी या मूंगफली की चटनी से भी खा सकते हैं।

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Recipes से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लाइफस्टाइल