अरबी की सब्जी का नाम सुनते ही ज़्यादातर लोग नाक मुंह बनाने लगते हैं। लेकिन अरबी को अगर सही मसालों के साथ बनाया जाए, तो इसका स्वाद बेहद लाजवाब लगता है। आज हम आपके लिए अचारी अरबी की रेसिपी लेकर आए हैं। इस सब्जी में अचार के मसालों का इस्तेमाल खाने का मजा दोगुना कर देता है। चलिए जानते हैं कैसे बनाएं यह सबजी?
अचारी अरबी की सब्जी के लिए सामग्री
अरबी 400 ग्राम, लहसुन (कटा हुआ) 2 बड़े चम्मच, हरी मिर्च दो बड़े चम्मच, अजवाइन आधा छोटा चम्मच, राई आधा छोटा चम्मच, हल्दी पाउडर आधा छोटा चम्मच, लाल मिर्च पाउडर आधा छोटा चम्मच, अमचूर पाउडर एक छोटा चम्मच, सरसों का तेल पांच बड़े चम्मच, अचार का मसाला एक बड़ा चम्मच, नमक स्वादानुसार
अचारी अरबी की सब्जी बनाने की विधि
-
पहला स्टेप: अचारी अरबी की सब्जी बनाने के लिए सबसे पहले, अरबी को पानी में धो लें ताकि उसमें लगी मिटटी अच्छी तरह से निकल जाए। धोने के बाद प्रेशर कुकर में पानी और अरबी डालकर ढक्कन बंद कर दें। दो सिटी आने के बाद गैस बंद कर दें। दो सिटी से ज़्यादा सिटी न लगाएं वरना सब्जी गल सकती है। कुकर की सिटी अपने आप निकलने दें। जब सिटी निकल जाए तो उसे ठंडे पानी से धोकर छिलका निकाल लें। अब, अरबी को टुकड़ों में काटें।
-
दूसरा स्टेप: अब, गैस ऑन कर एक कड़ाही रखें और उसमें सरसो का तेल डालें और अरबी को क्रिस्पी होने तक अच्छी तरह से तेल में भून लें। तेल में थोड़ा थोड़ा अरबी डालें ताकि अरबी एक साथ चिपके नहीं और अच्छी तरह से भून जाए।
-
तीसरा स्टेप: अब उसी कड़ाही में तेल डालें और फिर उसमें लहसुन, हरी मिर्च, अजवाइन और राई से तड़का दें। जब ये चटकने लगे तब उसमें हल्दी पाउडर, लाल मिर्च पाउडर और अमचूर पाउडर डालें और आपस में अच्छी तरह से मिलाएं।
-
चौथा स्टेप: अब इस मसाले में भुनी हुई अरबी डालें और अच्छी तरह से मिलाएं। अब ऊपर से एक बड़ा चम्मच अचार का मसाला और नमक डालकर एक बार फिर से अच्छी तरह से मिलाएं। आप किसी भी अचार के मसाले का इस्तेमाल कर सकते हैं। आपकी चटपटी अचारी अरबी की सब्जी बनकर तैयार है। इसके अलावा अगर आप बेसन की कोई यूनिक रेसिपी ट्राई करना चाहते हैं तो बेसन की भुर्जी ज़रूर बनाएं।