1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. ज़ायक़ा
  4. क्या कभी खाई हैं कुरकुरी अरबी की सब्जी, पूरी पराठे के साथ लगती है टेस्टी, फटाफट नोट कर लें रेसिपी

क्या कभी खाई हैं कुरकुरी अरबी की सब्जी, पूरी पराठे के साथ लगती है टेस्टी, फटाफट नोट कर लें रेसिपी

 Published : Jul 07, 2026 11:24 am IST,  Updated : Jul 07, 2026 11:24 am IST

अरबी की कुरकुरी सब्जी बनाकर खाई है क्या, ये सब्जी पूरी और पराठे के साथ बहुत स्वादिष्ट लगती है। एक बार इस तरह से अरबी बनाकर खाएंगे तो उंगलियां चाटते रहेंगे। सफर में ले जाने के लिए ये अरबी की सब्जी बेस्ट है। फटाफट नोट कर लें अरबी की रेसिपी।

कुरकुरी अरबी रेसिपी- India TV Hindi
कुरकुरी अरबी रेसिपी Image Source : INDIA TV

अरबी की सब्जी इन दिनों खूब बनाई जाती है। अरबी को लोग कई तरह से बनाते हैं। कुछ घरों में अरबी की रसेदार यानि ग्रेवी वाली सब्जी पसंद की जाती है तो कुछ घरों में लोग सूखी अरबी बनाकर खाते हैं। कानपुर की तरह तो दही की घुइयां यानि दही की अरबी भी बनती हैं। लेकिन अरबी की क्रिस्पी और भुनी हुई सब्जी का कोई मुकाबला नहीं है। ये सूखी सब्जी सफर में ले जाने के लिए या फिर पूरी पराठे से खाने के लिए बेस्ट होती है। आप आज ही ट्राई करें कुरकुरी अरबी की ये रेसिपी।

कुरकुरी अरबी की रेसिपी

पहला स्टेप- इस सब्जी को बनाने के लिए सबसे पहले अरबी को उबाल लें। अरबी बहुत जल्दी गल जाती है और अरबी फ्राई के लिए हमें ज्यादा पकी हुई अरबी की जरूरत नहीं होती है। इसलिए अरबी में मीडियम फ्लेम पर 2 सीटी ही लगाएं। इतने में अरबी अच्छी पक जाएगी। कुकर की गैस निकलने पर अरबी को छील लें। 

दूसरा स्टेप- अब इसे छोटे एक इंच के बराबर के टुकड़ों में काट लें। जब हल्की ठंडी हो जाएं तो अरबी को हथेली से हल्का दबा दें। सारी अरबी ऐसे ही तैयार कर लें। अब कड़ाही में सरसों का तेल डालें। उसमें हींग, जीरा और अजवाइन डालें। 1 चम्मच अदरक लहसुन का पेस्ट डालें और 2 लंबाई में कटी हरी मिर्च डाल दें। 

तीसरा स्टेप- अब इसमें दबाकर रखी अरबी डाल दें और इसे तब तक पकाएं जब तक अरबी हल्की ब्राउन न हो जाए। अब इसके ऊपर सूखा मसाला डालना है। जिसमें हल्दी, नमक, धनिया पाउडर, लाल मिर्च पाउडर, सौंफ पाउडर मिक्स कर लें। अब तेल में सारे मसाले डालें और अरबी के साथ अच्छी तरह से मिक्स कर दें।

चौथा स्टेप- अरबी को धीमी आंच पर क्रिस्पी होने तक पकाएं। इस तरह कम तेल में ही अरबी की ऊपर की परत काफी क्रिस्पी हो जाएगी। इस अरबी का स्वाद गजब का होता है। जब अरबी पक जाए तो इसमें गरम मसाला, आमचूर पाउडर और बारीक कटा हरा धनिय डालकर खाएं। इसे आप पूरी पराठे के साथ इंजॉय करें।

कुछ लोग इस तरह की अरबी की सब्जी को डीप फ्राई करके भी बनाते हैं। इसमें पहले उबली हुई अरबी को तेल में हाई फ्लेम पर डीप फ्राई किया जाता है। इसके बाद थोड़े तेल में मसालों के साथ भूनकर तैयार किया जाता है। लेकिन जो लोग कम ऑयली खाना चाहते हैं। उनके लिए हमारी बताई रेसिपी बेस्ट है।

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Recipes से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लाइफस्टाइल