नींबू की शिकंजी पीने से न केवल आपकी जुबान के टेस्ट बड्स खुल जाएंगे बल्कि आपकी सेहत पर भी ढेर सारे पॉजिटिव असर पड़ेंगे। अगर आप घर पर एकदम देसी स्टाइल से नींबू शिकंजी बनाना चाहते हैं, तो स्टेप बाई स्टेप इस तरीके को जरूर फॉलो करके देखिए। यकीन मानिए इस तरीके से बनाई गई शिकंजी का स्वाद, बच्चों से लेकर बड़ों तक, सभी को काफी ज्यादा पसंद आएगा। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि नींबू की शिकंजी बनाने के लिए आपको नींबू, पुदीना, चीनी, सब्जा के बीज, सोडा पानी और बर्फ के कुछ टुकड़ों की जरूरत पड़ेगी। शिकंजी को बनाने के लिए न तो आपको ज्यादा फैंसी सामग्री की जरूरत पड़ेगी और न ही ज्यादा समय लगेगा।
पहला स्टेप- आइए पहले शिकंजी मसाला बनाना सीखते हैं। शिकंजी मसाला बनाने के लिए 1.5 बड़े चम्मच जीरा, 1-2 छोटी चम्मच काली मिर्च, 1-2 छोटी चम्मच सौंफ को पैन में धीमी आंच पर भून लीजिए।
दूसरा स्टेप- जब ये मसाले ठंडे हो जाएं, तब इन्हें मिक्सर में डाल दीजिए। साथ ही 1.5 बड़ा स्पून जीरा, 2-3 बड़े स्पून काला नमक, एक छोटी स्पून सादा नमक और एक छोटी स्पून पुदीना भी निकाल लीजिए।
तीसरा स्टेप- मिक्सर में एक छोटी चम्मच सोंठ पाउडर, 3-4 हरी इलायची और एक बड़ी चम्मच चीनी एड कर सभी चीजों को अच्छी तरह से पीस लीजिए।
चौथा स्टेप- शिकंजी मसाला तैयार है और इस शिकंजी मसाले की वजह से आपकी शिकंजी का स्वाद कई गुना बढ़ जाएगा।
पांचवां स्टेप- आप इस शिकंजी मसाले को एयर टाइट कंटेनर में स्टोर करके रख सकते हैं। आइए नींबू शिकंजी बनाने के तरीके के बारे में जानते हैं।
छठा स्टेप- सबसे पहले आपको एक कांच के गिलास में बर्फ के कुछ टुकड़े निकाल लेने हैं।
सातवां स्टेप- अब इस गिलास में एक टी स्पून शिकंजी मसाला, एक टी स्पून चीनी, 2 टेबल स्पून सब्जा के बीज, एक नींबू का रस और पुदीने की कुछ पत्तियों को एड कर लीजिए।
आठवां स्टेप- इस गिलास में ठंडा-ठंडा सोडा पानी एड कीजिए और सभी चीजों को अच्छी तरह से मिक्स कर लीजिए।
अब आप नींबू शिकंजी के टेस्ट का लुत्फ उठा सकते हैं। इस बार गर्मियों के मौसम में नींबू शिकंजी की इस रेसिपी को जरूर ट्राई करके देखिए। हर एक सिप में आपके मुंह से वाह निकलेगा। नींबू शिकंजी पीने से डिहाइड्रेशन की समस्या से बचाव किया जा सकता है। शिकंजी को गट हेल्थ के लिए भी काफी ज्यादा फायदेमंद माना जाता है। इम्यूनिटी और वेट लॉस जर्नी को बूस्ट करने के लिए भी शिकंजी का सेवन किया जा सकता है।