बच्चों के स्कूल की छुट्टियां हो गई हैं। ऐसे में बच्चे रोज कुछ न कुछ टेस्टी खाने की जिद करते हैं। सुबह नाश्ते में बच्चों को सैंडविच खाना पसंद होता है। आप दही से बच्चों के लिए टेस्टी सैंडविच बना सकते हैं। दही सैंडविच का स्वाद सिर्फ बच्चों नहीं बड़ों को भी खूब पसंद आएगा। खास बात ये है कि इसे खाने से पेट ठंडा रहता है और गेट हेल्थ बेहतर होती है। गर्मी में दही खाना पेट के लिए अच्छा माना जाता है। सबसे खास बात कि दही सैंडविच को बनाने में ज्यादा समय भी नहीं लगता। आप फटाफट कुछ सब्जियों और दही से साथ सैंडविच बना सकते हैं। तो फटाफट से नोट कर लें दही सैंडविच की रेसिपी।
दही सैंडविच रेसिपी
पहला स्टेप- सैंडविच बनाने के लिए आपको ब्रेड लेनी है। सेंकने के लिए बटर या घी लें। गाढ़ा दही और पसंदीदा सब्जी जैसे- शिमला, गाजर, टमाटर, प्याज, हरी मिर्च, काला नमक, चाट मसाला, काली मिर्च, जीरा पाउडर, धनिया पत्ती, नमक चाहिए।
दूसरा स्टेप- सारी सब्जियों को बारीक काट लें। अब गाढ़ा दही लेना है जो ज्यादा खट्टा नहीं होना चाहिए। अगर दही पतला है तो उसे थोड़ी देर के लिए छन्नी में डालकर छोड़ दें या किसी सूती कपड़े में डालकर हैंग कर दें। इससे दही का पानी निकल जाएगा। अब कटी हुई सब्जियां दही में मिक्स कर लें।
तीसरा स्टेप- इसमें काला नमक, चाट मसाला, काली मिर्च और जीरा पाउडर मिला दें। स्वादानुसार हरी मिर्च और हरा धनिया मिलाएं। सारी चीजों को अच्छी तरह मिला लें और नमक टेस्ट कर लें। अब ब्रेड की स्लाइस पर तैयार किए गए दही वाले मिक्स को फैला दें। ऊपर से एक और ब्रेड लगाएं और इसे तवे पर या सैंडविच मेकर में सेंक लें।
चौथा स्टेप- सारे सैंडविच इसी तरह से बनाकर तैयार कर लें। आप इन्हें बीच से कट कर लें और गर्मागरम सर्व करें। दही सैंडविच को सॉस या हरी चटनी के साथ खाएं। आप इसमें चाहें तो थोड़ा पनीर या फिर चीज भी मिला सकते हैं। इससे बच्चों को स्वाद और भी टेस्टी लगेगा।