क्या आपको भी कुकिंग करना पसंद है? अगर हां, तो आपको करी पत्ते और सूखे नारियल की चटनी को जरूर बनाकर देखना चाहिए। बच्चों से लेकर बड़ों तक, सभी को इस चटनी का टेस्ट काफी ज्यादा अच्छा लगेगा। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि करी पत्ते और सूखे नारियल की चटनी बनाने के लिए आपको 50 ग्राम करी पत्ता, 50 ग्राम सूखा नारियल, 10 हरी मिर्च, 2 छोटे चम्मच साबुत धनिया, 1 छोटा चम्मच साबुत जीरा, 15-20 लहसुन की कलियां, मुट्ठी भर इमली, मुट्ठी भर हरा धनिया और नमक की जरूरत पड़ेगी। आइए इस चटनी के तड़के की सामग्री के बारे में भी जान लेते हैं। तड़के के लिए 3 सूखी लाल मिर्च, 1 छोटा चम्मच जीरा, 1 छोटा चम्मच राई, 8 से 10 करी पत्ते चाहिए होंगे।
पहला स्टेप- सबसे पहले नारियल को काट लीजिए। लहसुन को छीलकर धो लीजिए और करी पत्तों को भी तोड़कर अच्छी तरह से धो लीजिए।
दूसरा स्टेप- इसके बाद आपको करी पत्ते, नारियल, लहसुन, धनिया, जीरा और हरी मिर्च को रोस्ट कर लेना है।
तीसरा स्टेप- अब इमली को अच्छी तरह से धोकर भिगोकर रख दीजिए और फिर थोड़ी देर के बाद इमली का पल्प निकाल लीजिए।
चौथा स्टेप- इसके बाद आपको मिक्सर में रोस्टेड करी पत्ते, नारियल, लहसुन, धनिया, जीरा और हरी मिर्च, इमली का पल्प, हरा धनिया और नमक डालना है।
पांचवां स्टेप- सभी चीजों को अच्छी तरह से पीस लीजिए। अब हम चटनी के लिए तड़का तैयार करेंगे।
छठा स्टेप- पैन में तेल को गर्म कर इसमें सूखी लाल मिर्च, जीरा, राई और करी पत्ते डालिए। जब सामग्री चटकने लगे, तभी तड़के को चटनी में अच्छी तरह से मिक्स कर लीजिए।
महज 20-30 मिनट के अंदर करी पत्ते और सूखे नारियल की टेस्टी चटनी सर्व करने के लिए तैयार हो जाएगी। आप खाने की किसी भी चीज के साथ करी पत्ते और सूखे नारियल की चटनी का लुत्फ उठा सकते हैं।