अक्सर घरों में खाना बच जाता है। अगर कोई मेहमान आ जाएं तो खाना थोड़ा ज्यादा बनाते हैं। अगर आपके खाने में दाल बच जाए तो उसे फेंकने से अच्छा है सुबह उसके टेस्टी पराठे बनाकर खाएं। दाल के पराठे नॉर्मल पराठे से कहीं ज्यादा स्वादिष्ट बनते हैं। इन्हें बनाना भी आसान है। एक बार इस तरह से दाल का पराठा बनाएंगे तो एकदम करारा और ढाबा जैसा स्वाद आएगा। फटाफट नोट कर लें दाल के पराठे की रेसिपी।
दाल का पराठा बनाने की विधि
पहला स्टेप- दाल का पराठा बनाने के लिए करीब 2 कप गेहूं का आटा लें। इसमें आधा चम्मच अजवाइन, नमक, एक इंच अदरक का टुकड़ा बारीक कटा, 1 हरी मिर्च कटी, एक चौथाई चम्मच हल्दी पाउडर, एक चम्मच कसूरी मेथी डालें। सूखे आटे के साथ ही सारी चीजों को अच्छी तरह से मिला लें। अब दाल डालकर आटा मिक्स कर लें। अगर दाल ज्यादा है तो आटा थोड़ा बढ़ा सकते हैं। दाल कम लगे तो थोड़ा पानी मिलाकर सॉफ्ट आटा गूंथ लें। आटे में 1 छोटी चम्मच घी डालें और इसे मिक्स करके ढककर सेट होने के लिए 10 मिनट के लिए रख दें।
दूसरा स्टेप- अब पराठे के लिए सूखा मसाला तैयार कर लें। इसमें 1 चम्मच ताजा कुटी हुई काली मिर्च, 1 चम्मच कश्मीरी लाल मिर्च, 1 चम्मच चिली फ्लेक्स, 1 चम्मच चाट मसाला, 1 चम्मच भुना जीरा पाउडर, 1 चम्मच ऑल परपज सीजनिंग, आधा चम्मच नमक डालकर मिक्स कर लें। इसके साथ खूब सारा ताजा हरा धनिया बारीक काट लें। इससे पराठे का स्वाद कई गुना बढ़ जाता है।
तीसरा स्टेप- आटा सेट हो चुका है तो उसे हल्के हाथ से फिर से गूंथ लें। आटे से पराठा बनाने के लिए लोई लें और इसे बेल लें। अब ऊपर से सूखा आटा छन्नी की मदद से छिड़ दें। तैयार किया हुआ सूखा मसाला डाल दें। ब्रश की मदद से पूरे किनारों तक मसाले को फैला दें। ऊपर से ताजा कटा हुआ हरा धनिया डाल दें। अब जैसे कागज का फैन बनाते हैं या लच्छा पराठा बनाते हैं इसे वैसे ही फोल्ड करते जाना है। लोई को सूखा आटा लगाकर पराठे जैसा बेल लें। ऊपर से थोड़े सफेद तिल डालें और पराठे को थोड़ा और बढ़ा दें।
चौथा स्टेप- तवा या पैन लें उस पर पराठा डालें, एक तरफ से सेंकने के बाद पलट दें और घी लगाकर पराठे को दोनों ओर से अच्छी तरह से सेंक लें। इसी तरह से सारे पराठे बनाकर तैयार कर लें। आप इसे चटनी, चाय या दही के साथ खाएंगे तो मजा आ जाएगा। अब जब भी आपके घर में दाल बच जाए तो उससे ये टेस्टी पराठे बनाकर खा सकते हैं।