ड्राई फ्रूट्स सेहत के लिए फायदेमंद होते हैं। सुबह ड्राई फ्रूट्स खाना अच्छा माना जाता है। आप अगर नॉर्मल तरीके से ड्राई फ्रूट्स खाकर बोल हो गए हैं तो इसका पराठा बनाकर खा सकते हैं। बच्चों को ड्राई फ्रूट्स का पराठा खूब पसंद आता है। आप इसे देसी घी और आटे के साथ मिलाकर बनाएंगे तो स्वाद और भी बढ़ जाएगा। जो बच्चे ड्राई फ्रूट्स खाने में नखरे करते हैं उनके लिए ये बेस्ट तरीका है। फटाफट नोट कर लें ड्राई फ्रूट्स पराठा की रेसिपी।
ड्राई फ्रूट पराठा रेसिपी
पहला स्टेप- ड्राई फ्रूट्स पराठा बनाने के लिए आप अपनी पसंद के ड्राई फ्रूट्स ले सकते हैं। हम यहां काजू, बादाम, किशमिश, पिस्ता, अखरोट, खजूर, चिरोंजी और अंजीर ले रहे हैं। सारे ड्राई फ्रूट्स 1 चम्मच देसी घी में हल्का रोस्ट कर लें। ठंडा होने पर बारीक काट लें या मिक्सी में दरदरा पीस लें। अब मिठास के लिए आप इसमें ब्राउन शुगर, चीनी या फिर गुड़ मिला सकते हैं। सारी चीजों से एक स्टफिंग तैयार कर लें। फ्लेवर के लिए इसमें पिसी हुई हरी इलायची का पाउडर मिला लें।
दूसरा स्टेप- अब गेहूं का आटा गूंथकर तैयार कर लें। इसके लिए 1 बड़ा कप आटा लें। चाहें तो इसमें आधा कप मैदा भी मिला सकते हैं। 1 चुटकी नमक डालें और 1 बड़ा स्पून देसी घी मिला दें। गुनगुने पानी की मदद से नरम आटा गूंथ लें। कुछ लोग आटे में 1 अंडा तोड़कर मिला लेते हैं। अंडा डालना आपके लिए ऑप्शनल है। अब आटे को सेट होने के लिए 10 मिनट कवर करके रख दें।
तीसरा स्टेप- पराठा बनाने के लिए आटे से एक लोई तोड़ लें। इसे चकले पर या हाथ से हल्का बड़ा कर लें और तैयार की गई स्टफिंग को चम्मच की मदद से पराठे के अंदर फिल कर लें। अब हाथ से दबाते हुए पराठे को हल्का बड़ा करें और ऊपर से थोड़े तिल और खरबूजे के बीज लगा दें। हल्के हाथों से बेलते हुए पराठे को बड़ा कर लें। तवा गर्म करें और पराठे को मीडियम फ्लेम पर क्रिस्पी होने तक सेंक लें।
तौथा स्टेप- इसी तरह सारे पराठे बनाकर तैयार कर लें। पराठे को देसी घी में सेंककर तैयार करें। इससे पराठा और भी हेल्दी हो जाएगा। आप इसे सफर में बनाकर ले जाएं और 2-3 दिन तक खाएं। बच्चों को टिफिन में ये ड्राई फ्रूट पराठा बनाकर दे सकते हैं। इसके अलावा नाश्ते में ये पराठा बनाकर खा सकते हैं।