1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. ज़ायक़ा
  4. कड़ाही कटहल देखते ही मुंह में पानी आ जाएगा, इस ट्रिक से कम तेल में एकदम मसालेदार बनेगा, फटाफट नोट कर लें रेसिपी

कड़ाही कटहल देखते ही मुंह में पानी आ जाएगा, इस ट्रिक से कम तेल में एकदम मसालेदार बनेगा, फटाफट नोट कर लें रेसिपी

 Written By: Bharti Singh @bhartinisheeth
 Published : Apr 06, 2026 02:31 pm IST,  Updated : Apr 06, 2026 02:31 pm IST

Kadhai Kathal Recipe: कटहल की सब्जी पसंद है तो एक बार कड़ाही कटहल जरूर ट्राई करें। इसका स्वाद आपको दूसरी कटहल की रेसिपी से कहीं ज्यादा पसंद आएगा। इसे बनाना भी आसान है। फटाफट नोट कर लें कड़ाही कटहल की रेसिपी।

कड़ाही कटहल रेसिपी- India TV Hindi
कड़ाही कटहल रेसिपी Image Source : YOUTUBE: BHARATZKITCHEN

गर्मी आते ही लोगों को कटहल की सब्जी का स्वाद लुभाने लगता है। कटहल की सब्जी खाने में बहुत स्वादिष्ट बनती है। आप इसे सूखा और ग्रेवी के साथ दोनों तरह से आसानी से बना सकते हैं। कटहल की सब्जी का स्वाद मसाले से आता है। आज हम आपको कड़ाही कटहल की रेसिपी बता रहे हैं। जिसमें घर में तैयार किया गया एक खास मसाला खाने के स्वाद को कई गुना बढ़ा देता है। आइये जानते हैं कैसे बनाते हैं कड़ाही कटहल?

कड़ाही कटहल की रेसिपी

पहला स्टेप- इसके लिए सबसे पहले कटहल का खास मसाला बनाकर तैयार करना है जो कड़ाही कटहल में अलग और बेहद खास स्वाद लेकर आएगा। कड़ाही को गर्म करें और उसमें 1 चम्मच जीरा, 3-4 छोटी हरी इलायची, 1 चम्मच साबुत धनिया, थोड़ी काली मिर्च, 2 सूखी लाल मिर्च, 1 तेज पत्ता और आधा चम्मच नमक डालकर भून लें। मसालों को हल्का ठंडा होने दें और मिक्सी में हल्का दरदरा पीस लें।

दूसरा स्टेप- अब कड़ाही में सरसों का तेल डालें और गर्म होने दें। तेल को पूरी कड़ाही में फैलाते रहें, इससे कड़ाही में नॉन स्टिक कोटिंग हो जाएगी। अब तेल में आधा किलो कटा हुआ कटहल डाल दें। अब हल्का नमक और हल्दी डालकर कटहल को ब्रोउन होने तक भून लें।

तीसरा स्टेप- अब 5 टमाटर को मोटा काटकर कटहल में डाल दें। टमाटर के साथ कश्मीरी मिर्च और थोड़ा नमक डाल दें। धीमी आंच पर टमाटर को भुनने दें और इसे कवर करके पकाएं। टमाटर को गलने दें और मिक्स करते रहें। अब 1 शिमला मिर्च और 1 प्याज को मोटा और परतदार काट लें। 3 हरी मिर्च भी काट लें। अब कटहल में 2 चम्मच धनिया पाउडर, 1 चम्मच लाल मिर्च पाउडर, 1 चम्मच किचन किंग मसाला डाल दें।

चौथा स्टेप- अब कटहल में आधा कप ताजा और गाढ़ा दही डाल दें। दही के साथ गरम मसाला भी डालें। सारी चीजों को मिलाने के बाद इसमें प्याज, शिमला मिर्च और तैयार किया हुआ कड़ाही मसाला डाल दें। अब अदरक के लच्छे और थोड़ा गरम पानी डाल दें। अब कटहल को 5 मिनट कवर करके पकाएं। कटहल को मिक्स करें और ऊपर से कड़ाही मसाला और बारीक कटा धनिया डाल दें।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Recipes से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लाइफस्टाइल