सफेद और हल्के गुलाबी रंग के छोटे-छोटे करोंदे स्वाद में बहुत खट्टे होते हैं। करोंदे की लौंजी, सब्जी और अचार बनाकर खाया जाता है। करोंदा खाने में जितने टेस्टी होते हैं इसके फायदे भी भरपूर होते हैं। आप बाजार से करोंदे खरीदकर ले आएं और उनका अचार बनाकर रख लें। करोंदे का अचार पूरे साल खराब नहीं होता है। आप चाहें तो इसमें हरी मिर्ची मिलाकर भी अचार तैयार कर सकते हैं। आइये जानते हैं दादी नानी की करोंदे के अचार वाली रेसिपी क्या है?

करोंदे के अचार की रेसिपी
पहला स्टेप- बाजार से करोंदे खरीदकर ले आएं और उन्हें धो लें। करोंदे को बीच से काट लें और चाहें तो उनके मोटे बीज निकाल दें। अब पानी सुखाने के लिए करोंदे को किसी अखबार पर फैला दें और हवा में रख दें। जिससे करोंदे की सारी नमी सूख जाए।
दूसरा स्टेप- अब अचार का मसाला बना लें। मसाले में डालने के लिए कलौंजी, अजवाइन, मेथी दाना, सौंफ, साबुत धनिया, जीरा लें। अब सारे मसालों को हल्का रोस्ट कर लें और मिक्सी में पीस लें। इस मसाले में नमक, पिसी हल्दी, लाल मिर्च पाउडर डालें।
तीसरा स्टेप- तैयार मसाले में सरसों का तेल डालें और मिक्स कर लें। अब इस मसाले में सूखे हुए करोंदे मिलाएं। मसाला अच्छी तरह से करोंदे पर चिपक जाए तो इसे किसी कांच के जार में भर दें। ऊपर से थोड़ा सरसों का तेल और डाल दें।
चौथा स्टेप- अचार को हफ्तेभर धूप में रखें और बीच-बीच में हिलाते रहें। आप चाहें तो अचार में लहसुन की कली और हरी मिर्च भी मिला सकते हैं। इससे करोंदे का अचार और भी टेस्टी बनेगा। आप इसे सालभर पराठा या रोटी के साथ खाएं।