हिंदू घरों में व्रत त्योहार के दिन खास तौर से बिना लहसुन प्याज के सब्जियां बनायी जाती है। पूजा पाठ में लहसुन प्याज का इस्तेमाल करने की मनाही होती है। ऐसे में अगर आप भी बिना लहसुन प्याज की सब्जी बनाना चाहते हैं तो हम आपको स्वादिष्ट मटर पनीर की सब्जी की रेसिपी बता रहे हैं। आप घर में बड़ी आसानी से इसकी शानदार ग्रेवी तैयार कर सकते हैं। मटर पनीर की इस सब्जी का स्वाद एकदम हलवाई जैसा आएगा। आप इसे पराठा पूरी या चावल किसी के साथ भी खा सकते हैं। खाने वाले सब्जी का रंग और स्वाद देखकर आपसे पूछेंगे कि क्या सब्जी मार्केट से मंगवाई है। तो चलिए बिना देरी किए फटाफट नोट कर लीजिए बिना लहसुन प्याज़ की मटर पनीर की स्वादिष्ट सब्जी की रेसिपी।
बिना लहसुन प्याज के मटर पनीर की रेसिपी
पहला स्टेप- सब्जी बनाने के लिए आपको ग्रेवी खास तौर से ध्यान रखते हुए तैयार करनी होगी। ग्रेवी बनाने के लिए आपको 3 बड़े टमाटर चाहिए। टमाटर अगर वैरायटी हों तो ज्यादा अच्छा है इसमें रस कम और पल्प ज्यादा निकलता है जिससे ग्रेवी बढ़ जाती है। टमाटर को मोटा-मोटा काट लें। 3 हरी मिर्च, 1 बड़ा अदरक का टुकड़ा, थोड़े हरे धनिए के ठंडल लें। ग्रेवी के लिए दस बारह काजू और 4-5 बादाम पानी में भिगोकर अलग रख दें।
दूसरा स्टेप- अब कड़ाही में थोड़ा सा तेल डालें, इसमें जीरा डालकर कटे टमाटर, हरी मिर्च, धनिए के डंठल और अदरक डालकर थोड़ी देर पकाएं। इसके बाद इसमें काजू और बादाम पानी से निकालकर डाल दें। सारी चीजों को हल्का पकाने के बाद गैस बंद कर दें और मसाले को ठंडा होने दें। अब मसाले को बारीक पीसकर पेस्ट तैयार कर लें।
तीसरा स्टेप- कड़ाही में सरसों के तेल डालें और उसमें तैयार की गई ग्रेवी डालकर अच्छी तरह से पकाएं। हरी मटर को कुकर में 1-2 सीटी लगाकर गला लें। पनीर को टुकड़ों में काट लें। मसाले को तेल छोड़ने तक भूनना है। अब मसाले में थोड़ी हल्दी, स्वादानुसार नमक और कश्मीरी लाल मिर्च, धनिया पाउडर मिला दें। अब इसमें ताज़ा मलाई या 2-3 चम्मच दही कोई भी एक चीज मिला दें। मसाले को थोड़ी देर और भूनें।
चौथा स्टेप- अब ग्रेवी को थोड़ी देर के लिए और पकाएं। इसमें उबली हरी मटर डालकर अपनी जरूरत के हिसाब से पानी डालें और ग्रेवी को 1-2 उबाल आने तक पकाएं। अब कटा हुआ पनीर डालकर ग्रेवी को अपनी पसंद के हिसाब से गाढ़ा होने तक पकाएं। थोड़े चीनी के दाने डाल दें इससे हल्की मिठास आती है। अब ऊपर से गरम मसाला और हरा धनिया डालकर सब्जी को सर्व करें।