Perfect Tea Making Tips: शायद ही कोई ऐसा होगा जिसे चाय बनाना नहीं आता होगा। घर में बच्चों को सबसे पहले चाय बनाना ही सिखाया जाता है। लेकिन भारत में लोग जिस तरह चाय बनाते हैं और पीते हैं वो काफी नुकसानदायक हो जाती है। चाय की टपरी पर बनने वाली चाय भले ही पीने में अच्छी लगती हो, लेकिन ये शरीर के लिए हानिकारक साबित होती है। ऐसा चाय ज्यादा भारी और नुकसान वाली बन जाती है। इसका कारण है चाय को बार-बार और लंबे समय तक उबालते रहना। चाय को जितना ज्यादा उबालेंगे उसमें टैनिन नामक यौगिक की मात्रा बढ़ती जाएगी।
चाय को दूध, चाय पत्ती और चीनी डालकर ज्यादा देर तक उबालने से टैनिन और और कैफीन दोनों की मात्रा बढ़ जाती है। ऐसी चाय स्वाद में ज्यादा स्ट्रॉंग यानि हल्की कड़वाहट वाली हो जाती है। ये चाय ज्यादा एसिडिक बन जाती है। जिससे आपको एसिडिटी, पेट में जलन, और अपच की समस्या हो सकती है। इसलिए आपको हल्की और कम नुकसान पहुंचाने वाली चाय बनानी चाहिए। ऐसी चाय पीने से शरीर को कम नुकसान होगा और गैस एसिडिटी भी कम होगी।
हल्की और कम नुकसान वाली चाय बनाने का तरीका
चाय में पानी कम, दूध, चाय पत्ती ज्यादा और चीनी भी ज्यादा होने से चाय गाढ़ी बनती है जो भारी हो जाती है। ज्यादातर घरों में ऐसी चाय ही बनाई जाती है। लेकिन कम नुकसान वाली चाय बनाने के लिए आपको 1 कप पानी लेना है। उसमें अदरक, इलायची या जो चाय वाले मसाले डालने हैं वो डाल दें। पानी में 1-2 उबाल आने के बाद इसमें बहुत थोड़ी चाय पत्ती डालें और एक उबाल आने दें। अब तुरंत आधा कप दूध डाल दें और गैस बंद कर दें। अगर आपको दूध डालने के बाद चाय को उबालना है तो सिर्फ 1 उबाल आने दें। इसके बाद स्वादानुसार चीनी डालकर चाय छान लें।
कम नुकसान करेगी ये चाय
इस तरह की चाय सेहत को कम नुकसान पहुंचाती है। इसे पीने के बाद आपको गैस एसिडिटी की समस्या भी कम होगी। आप ऐसी चाय दिन में 2-3 बार भी पी लेंगे तो भी बार-बार उबली और गाढ़ी चाय को पीने से कम नुकसान होगा। अगर चाय का फायदा लेना है तो बिना दूध और शक्कर वाली चाय पीने की आदत बना लें।