होली का त्योहार नजदीक है और इस खास मौके पर घरों में तरह तरह के पकवान भी बनाए जाएंगे। कोई भी त्योहार मीठे के बिना अधूरा लगता है। ऐसे में इस खास मौके पर आप मीठी दही भी खाने के साथ सर्व कर सकते हैं। गर्मियों में दही का सेवन सेहत के लिए फायदेमंद भी माना जाता है। ऐसे में आप घर पर मीठी दही जमा सकते हैं। बाजार जैसा मीठी दही जमाना बेहद आसान है। यहां हम आपके लिए मीठी दही की आसान सी रेसिपी लेकर आए हैं। यहां से नोट करें रेसिपी।
सामग्री
दूध: 1 लीटर (फुल क्रीम दूध सबसे अच्छा रहता है)
चीनी: 3-4 बड़े चम्मच (स्वादानुसार)
दही का जामन: 1 बड़ा चम्मच
बनाने की विधि
दूध उबालें
सबसे पहले दूध को एक भारी तले वाले बर्तन में उबालें। उबाल आने के बाद इसे 5-7 मिनट तक धीमी आंच पर पकने दें ताकि दूध थोड़ा गाढ़ा हो जाए।
चीनी मिलाएं
गरम दूध में ही चीनी डाल दें और अच्छी तरह मिलाएं ताकि वह पूरी तरह घुल जाए।
दूध को ठंडा करें
दूध को इतना ठंडा होने दें कि वह गुनगुना रह जाए। चेक करने के लिए अपनी उंगली दूध में डालें, अगर आप 10 सेकंड तक उंगली आसानी से रख पा रहे हैं, तो तापमान सही है।
जामन तैयार करें
एक छोटी कटोरी में जामन लें और उसे चम्मच से अच्छी तरह फेंट लें ताकि उसमें गुठलियां न रहें।
मिक्स करें
अब इस फेंटे हुए जामन को गुनगुने दूध में डालें और अच्छी तरह चलाएं।
बढ़िया दही जमाएं
दूध को एक बर्तन से दूसरे बर्तन में 2-3 बार ऊपर से गिराएं। इससे झाग बनेगा और दही बहुत बढ़िया जमेगी।
जमने के लिए रखें
अब दूध को किसी मिट्टी के बर्तन या स्टील के कैसरोल में ढक कर रख दें। गर्मियों में 4-5 घंटे में जम जाएगी। फिर इसका आनंद लें।