1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. ज़ायक़ा
  4. मूंग दाल के हेल्दी स्प्राउट्स कैसे बनाएं, वजन घटाने के लिए क्या सब्जियां डालें, जान लें बनाने का तरीका

मूंग दाल के हेल्दी स्प्राउट्स कैसे बनाएं, वजन घटाने के लिए क्या सब्जियां डालें, जान लें बनाने का तरीका

 Written By: Bharti Singh @bhartinisheeth
 Published : Feb 13, 2026 08:47 am IST,  Updated : Feb 13, 2026 08:47 am IST

Moong Dal Sprouts Recipe For Weight Lose: वजन घटाने के लिए नाश्ते में स्प्राउट्स खाना अच्छा होता है। मूंग दाल स्प्राउट्स में कुछ सब्जियां डालकर इसे स्वादिष्ट बनाया जा सकता है। जान लें मूंग दाल स्प्राउट्स बनाने की रेसिपी।

मूंग दाल रेसिपी- India TV Hindi
मूंग दाल रेसिपी Image Source : INDIA TV

मोटापा घटाने के लिए स्प्राउट्स को हेल्दी नाश्ता माना जाता है। प्रोटीन और फाइबर से भरपूर साबुत मूंग दाल सेहत के लिए बहुत फायदेमंद मानी जाती है। मूंग दाल स्प्राउट्स आसानी से घर में तैयार किए जा सकते हैं। इसके लिए दाल को रातभर पानी में भिगो दें। अब दाल का सारा पानी निकाल दें और किसी सूती या मलमल के कपड़े में मूंग दाल को डालकर बांध दें। अब कपड़े में बंधी दाल को 1-2 दिन के लिए किसी गर्म जगह पर या कवर करके रख दें। बीच-बीच में चेक कर लें। अगर दाल एकदम सूखी से लगे तो पानी स्प्रे कर दें। इस तरह 2 दिन में ही मूंग दाल के अंकुर निकल जाएंगे। आप घर में इस तरह स्प्राउट्स बना सकते हैं।

मूंग दाल स्प्राउट्स बनाने की विधि

पहला तरीका- स्प्राउट्स को कच्चा खाना हेल्दी माना जाता है। अंकुरित मूंग दाल में से 1 मुट्ठी दाल लें और उसमें बारीक कटी सब्जियां डाल दें। स्प्राउट्स में खीरा, टमाटर, ककड़ी, प्याद, हरी मिर्च, हरा धनिया, उबले हुए कॉर्न, चुकंदर और पनीर का स्वाद अच्छा लगता है। अब इसमें चाट मसाला, काला नमक और नींबू का रस डालकर मिक्स कर लें। तैयार है स्वादिष्ट मूंगदाल स्प्राउट्स, आप नाश्ते में पेट भरकर खा सकते हैं।

दूसरा तरीका- स्प्राउट्स बनाने का एक और तरीका है जिसका स्वाद हल्दा मीठा होता है। इसके लिए 1 मुट्ठी मूंग दाल स्प्राउटस लें। इसमें बारीक कटे सेब, अंगूर, अनार के दाने और दूसरे पसंदीदा फल डाल दें। ज्यादा मुलायम फल न डालें उससे स्वाद बदल सकता है। सारे फलों के साथ चुकंदर, पनीर और खीरा भी डाल सकते हैं। इसमें प्याज, टमाटर और हरी मिर्च नहीं डालते हैं। अब इसमें चाट मसाला, नींबू का रस और नमक मिलाकर खाएं।

तीसरा तरीका- मूंग दाल स्प्राउट्स बनाने का एक और तरीका है कि आप इन्हें हल्का उबाल लें। इसके लिए एक कड़ाही में 1 चम्मच बटर या सरसों का तेल डालें। इसमें प्याज, हरी मिर्च और टमाटर डालें। इसमें मूंग दाल स्प्राउट्स मिला दें और नमक मिला दें। करीब 10 मिनट के लिए कवर करके पकाएं। ऊपर से चाट मसाला और नींबू मिला दें। ये फ्राई स्प्राउट्स खाने में काफी टेस्टी लगते हैं।

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Recipes से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लाइफस्टाइल