1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. ज़ायक़ा
  4. गर्मी में पीएं ठंडा-ठंडा पान का शरबत, पाचन के लिए बेस्ट है, फटाफट नोट कर लें रेसिपी

गर्मी में पीएं ठंडा-ठंडा पान का शरबत, पाचन के लिए बेस्ट है, फटाफट नोट कर लें रेसिपी

 Written By: Bharti Singh @bhartinisheeth
 Published : Mar 30, 2026 08:55 am IST,  Updated : Mar 30, 2026 08:55 am IST

Paan Ka Sharbat Recipe: गर्मियों में ठंडा-ठंडा शरबत पीने में बहुत स्वादिष्ट लगता है। इसके लिए आप पान का शरबत बना सकते है। पान का शरबत न सिर्फ पीने में लाजवाब है बल्कि पाचन के लिए भी बहुत अच्छा है। फटाफट नोट कर लें पान शरबत की रेसिपी।

पान शरबत रेसिपी- India TV Hindi
पान शरबत रेसिपी Image Source : YOUTUBE: @CHEFBHUPIKITCHEN

गर्मी आते ही ठंडे ड्रिंक पीने में बहुत टेस्टी लगते हैं। शरीर में पानी की कमी होने लगती है ऐसे में गर्मी से राहत पाने और प्यास बुझाने के लिए पान का शरबत बेस्ट है। पान की तासीर ठंडी होती है। इससे पाचन भी अच्छा रहता है। इस शरबत में सौंफ और मिश्री का इस्तेमाल किया जा रहा है। जो पेट की गर्मी को दूर करने में मदद करेंगे। खास बात ये है कि आप आप इस ड्रिंक को घर के सामान से आसानी से बना सकते हैं। फटाफट नोट कर लें पान के शरबत की रेसिपी।

पान शरबत की रेसिपी

पहला स्टेप- शरबत को बनाने के लिए आधा कप के करीब हरी सौंफ ले लें। आपको खाने वाली छोटी सौंफ का इस्तेमाल शरबत में करना है। अब सौंफ को नॉर्मल पानी में करीब 6-7 घंटे के लिए भिगोकर रख दें। सौंफ को पानी से निकाल लें और पानी को फेंके नहीं बल्कि इसे इस्तेमाल कर लें। अब सौंफ को छोड़ा पानी डालकर बारीक पेस्ट जैसा पीसकर तैयार कर लें।

दूसरा स्टेप- अब आपको करीब 15-20 पान के ताजा और हरे पत्ते ले लें। पान के पत्तों को धो लें और सौंफ का जो पानी बचा है उसे डालकर पत्तों को बारीक पीस लें। पान के पत्तों को भी बारीक पेस्ट जैसा पीसकर तैयार करना है। पिसे हुए पान के पेस्ट को पिसी हुई सौंफ में मिला दें।

तीसरा स्टेप- शरबत को मीठा बनाने के लिए 250 ग्राम धागे वाली मिश्री लें और उसे टुकड़ों में तोड़ लें। अब मिश्री के धागे निकाल दें और इसमें करीब 8-10 इलायची डालकर मिश्री को मिक्सी में बारीक पीसकर पाउडर जैसा बना लें। मिश्री के पाउडर को भी सौंफ वाले बाउल में डाल दें। इसमें 1 छोटा चम्मच काला नमक स्वाद के लिए डाल दें।

चौथा स्टेप- सारी चीजों को अच्छी तरह से मिक्स कर लें। अगर पेस्ट बहुत गाढ़ा लगे तो सौंफ वाला पानी छानकर मिला दें। अब इसे किसी मोटे छेद वाली छन्नी से छान लें। इससे पेस्ट एकदम फाइन हो जाएगा और मुंह में कोई टुकड़ा नहीं आएगा। अब इसे आप कांच की बोतल या जार में इसे स्टोर कर लें। आप इसमें से थोड़ा शरबत मिक्स और ठंडा पानी मिलाकर पीएं। 

पांचवां स्टेप- आप अगर इसमें नमक नहीं डालेंगे तो इसे दूध में मिलाकर भी पी सकते हैं। इस तरह तैयार किए गए पान के शरबत मिक्स को आप 15 दिनों तक स्टोर करके इस्तेमाल कर सकते हैं। आप इसे सब्जा सीड्स या चिया सीड्स के साथ भी इस्तेमाल कर सकते हैं। 2-3 चम्मच सब्जा सीड्स को 3 घंटे के लिए पानी में भिगो दें।

कैसे तैयार करें पान का शरबत

ड्रिंक तैयार करने के लिए एक गिलास में पुदीने के पत्ते मसलकर डाल दें। इसमें 2 चम्मच भीगे हुए सब्जा सीड्स डाल दें। ऊपर से 2 आइस क्यूब डाल दें। अब जो शरबत तैयार किया है उसे अच्छी तरह मिक्स करके 2-3 बड़े चम्मच 1 गिलास में डाल दें। ऊपर से ठंडा पानी या सोडा भी डाल सकते हैं। अच्छी तरह मिक्स करें। तैयार है पान का ठंडा-ठंडा और हेल्दी शरबत, आप इसे पूरी गर्मी बनाकर पी सकते हैं।

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Recipes से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लाइफस्टाइल