उत्तर भारत में लोग बैंगन का भर्ता या आलू की भर्ता बनाकर ज्यादा खाते हैं। लेकिन अलग-अलग राज्यों में दूसरी कुछ खास सब्जियों को मिलाकर भी भर्ता बनाया जाता है। अगर आपके घर में कोई सब्जी नहीं है तो सिर्फ लहसुन से ही भर्ता बना सकते हैं। लहसुन से बने इस भरता को रोशुन भर्ता कहते हैं। ये एक फेमस बंगाली डिश है जिसे रोसुनेर भोर्ता कहा जाता है। बंगाली लोग इसे खाना बहुत पसंद करते हैं। इसका स्वाद इतना गजब का होता है कि आप सब्जियां खाना भूल जाएंगे। चावल के साथ इस भर्ता का स्वाद कई गुना बढ़ जाता है। इसे बनाना भी बेहद आसान है। तो बिना देरी किए फटाफट नोट कर लीजिए रोशुन भर्ता की रेसिपी।
रोशुन भर्ता रेसिपी
पहला स्टेप- इसमें मुख्य रूप से लहसुन का इस्तेमाल होता है। फिर प्याज और टमाटर के साथ बारीक कटी हरी मिर्च और खूब सारा हरा धनिया डालकर इसे तैयार किया जाता है। सरसों का तेल और खुशबूदार मसालों से इसे तीखा स्वाद दिया जाता है।
दूसरा स्टेप- अब भर्ता बनाने के लिए एक नॉन स्टिक पैन या कोई नॉर्मल कड़ाही ले लें। इसमें सरसों का तेल डालें। तेल गर्म होने पर 1 कटोरी छिले हुए लहसुन की कलिया डाल दें। अब धीमी आंच पर लहसुन को ब्राउन होने तक भून लें। 7-8 मिनट में लहसुन भुन जाएगा और इसे प्लेट में निकाल लें।
तीसरा स्टेप- अब तेल में 2 साबुत लाल मिर्च डालकर भून लें और निकाल लें। बचे हुए तेल में जीरा, सरसों और लंबा कटा हुआ 1 बड़ा प्याज डालें। प्याज को सुनहरा होने तक भूनें और फिर इसे भी प्लेट में निकाल लें। अब गिलास की मदद से प्याज, लहसुन और मिर्च को अच्छी तरह से मैश कर लें।
चौथा स्टेप- इसमें नमक, काला नमक और नींबू का रस डालें। आधा कच्चा लंबा कटा प्याज, बारीक कटा हरा धनिया डालें। कच्चा सरसों का तेल डालें और सारी चीजों को अच्छी तरह से हाथ से मैश कर लें। कच्चे सरसों के तेल से भर्ता को एकदम बंगाली टच मिलेगा।
सारी चीजों को मैश करके बंगाली रोशुन भर्ता तैयार है। आप इसे चावल के साथ मिलाकर खाएं। इसे रोटी या पराठे के साथ भी खा सकते है। इसे दाल और चावल के साथ भी लोग बड़े चाव से खाते हैं।