अगर कभी अचानक से भूख लगे और कुछ हेल्दी खाने का मन हो तो आप तमिलनाडु की फेमस डिश मोर कली बनाकर खा सकते हैं। लोग इसे नाश्ते में या शाम को स्नैक्स के वक्त खाना काफी पसंद करते हैं। दही और चावल से बनी इस डिश में आपको एकदम साउथ इंडियन फ्लेवर मिलेगा। मोर कली बनाना आसान है। ये काफी हद तक उपमा से मिलती जुलती डिश है। नाश्ते में कम तेल मसाले वाला खाना है तो मोर कली बनाने की ये आसान रेसिपी नोट कर ले।
मोर कली रेसिपी
पहला स्टेप- इसे बनाने के लिए एक बाउल में डालें 1 कप चावल का आटा, अब इसमें मिलाएं 2 कप प्लेन छाछ। अगर आपके पास छाछ नहीं है तो आप दही को पतला करके उसे छाछ जैसा बनाकर मिक्स कर लें। अब इसमें नमक डालकर अच्छी तरह से मिक्स कर लें।
दूसरा स्टेप- एक पैन लें और उसमें थोड़ा सरसों का तेल या नारियल का तेल डालें। इसमें सरसों, सूखी लाल मिर्च, बारीक कटी हरी मिर्च, 1 चम्मच चना दाल, 1 चम्मच उड़द दाल, करी पत्ता और हींग डाल दें। इसे मीडियम फ्लेम पर हल्का भून लें।
तीसरा स्टेप- इस तड़के में अब आप छाछ और चावल वाला घोल डाल दें। अब इसे लगातार चलाते हुए तब तक पकाएं जब तक ये गाढ़ा न हो जाए। जब ये उपमा जैसा गाढ़ा हो जाए तो इसे एक बाउल में डालें और हल्का दबाते हुए सेट कर लें। अब बाउल को उल्टा करके प्लेट पर रखें और तैयार मोर कली को निकाल लें।
इसके ऊपर थोड़ा देसी घी डालकर इसे गर्मागरम इंजॉय करें। एक बार ये रेसिपी आपको जरूर ट्राई करनी चाहिए। ये खाने में मजेदार और बनाने में बहुत ही आसान है। इसे खाकर आपका पेट हेल्दी और काफी लाइट रहेगा। तमिलनाडु का ऑरिजनल स्वाद यही है लेकिन आप चाहें तो इसे हल्का ट्विस्ट देकर इसमें पसंदीदा सब्जियों को बारीक काटकर भी मिला सकते हैं। आप इसमें थोड़ी भुनी मूंगफली ऊपर से डालकर खा सकते हैं। इससे मोर कली का स्वाद और भी बढ़ जाएगा। फटाफट से तैयार होने वाला ये नाश्ता वजन घटाने वालों के लिए भी अच्छा विकल्प है।