1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. ज़ायक़ा
  4. बिना तेल के बनाएं ये 5 तरह की चाट, देखते ही मुंह में आने लगेगा पानी, फटाफट नोट कर लें रेसिपी

बिना तेल के बनाएं ये 5 तरह की चाट, देखते ही मुंह में आने लगेगा पानी, फटाफट नोट कर लें रेसिपी

 Written By: Bharti Singh @bhartinisheeth
 Published : Dec 31, 2025 03:17 pm IST,  Updated : Dec 31, 2025 03:17 pm IST

Chaat Recipe Without Oil: चाट का मतलब ऑयली और फ्राई खाना ही नहीं है। आप घर में बिना तेल के कई तरह की स्वादिष्ट चाट बना सकते हैं। फटाफट नोट कर लें बिना तेल के बनने वाली 5 चाट की रेसिपी।

बिना तेल वाली चाट रेसिपी- India TV Hindi
बिना तेल वाली चाट रेसिपी Image Source : FREEPIK

चाट का स्वाद ऐसा होता है कि ज्यादातर लोगों को पसंद आता है। लेकिन ज्यादातर चाट पकोड़े तेल में फ्राई होकर तैयार होते हैं। इसलिए लोग इन्हें खाने से बचते हैं। अगर आप चाट खाने के शौकीन हैं तो बिना तेल के भी स्वादिष्ट चाट बनाकर खा सकते हैं। ये चाट खाने में जितनी टेस्टी लगती है उससे कहीं ज्यादा हेल्दी भी होती हैं। ये चाट बनाना भी बहुत आसान है। आज हम आपको ऐसी 5 चाट की रेसिपी बता रहे हैं जिन्हें देखते ही आपके मुंह में पानी आ जाएगा और खाते ही आप कहेंगे वाह क्या स्वाद है। फटाफट नोट कर लें चाट की ये रेसिपी।

बिना तेल के चाट की रेसिपी

पीनट चाट रेसिपी- आपघर में मूंगफली की चाट बना सकते हैं। पीनट चाट पार्टी स्नैक्स के लिए अच्छा ऑप्शन है। इसके लिए आप मूंगफली को पहले अच्छी तरह भून लें और चाहें तो छिलके हटा लें। अब प्याज, टमाटर, हरी मिर्च, हरा धनिया और खीरा बारीक काटकर मूंगफली में मिक्स कर लें। ऊपर से चाट मसाला, नमक और नींबू का रस डालकर मिक्स कर लें। स्वादिष्ट चाट बनकर तैयार है।

छोला और चना चाट- अगर घर में कुछ मेहमान आ रहे हैं तो आप फटाफट छोला या काला चना चाट भी तैयार कर सकते हैं। इसके लिए छोले या काले चने को पहले पानी में भिगो दें। आप चाहें तो पूरी रात के लिए भी सोक कर सकते हैं। अब छोले को कुकर में उबाल लें और फिर इसमें बारीक कटी प्याज, हरी मिर्च, टमाटर, हरा धनिया और नमक नींबू डालकर सर्व करें। ये चाट खाने में बहुत टेस्टी और प्रोटीन से भरपूर होती है।

राजमा चाट रेसिपी- छोला चाट की तरह ही राजमा चाट भी बनाते हैं। आप इसमें कोई चटनी भी मिला सकते हैं। इससे चाट का स्वाद और बढ़ जाता है। राजमा चाट में प्याज, टमाटर और हरी मिर्च नींबू का स्वाद बहुत अच्छा लगता है। आप चाहें तो दूसरी सब्जियां भी मिला सकते हैं। इससे चाट और ज्यादा हेल्दी हो जाएगी।

शकरकंद चाट रेसिपी- इन दिनों शकरकंद का सीजन है। आप तवे पर शकरकंद भूनकर या उबालकर उसकी चाट बना सकते हैं। शकरकंद चाट के लिए शकरकंद को छीलकर टुकड़ों में काट लें। अब इसमें हरा धनिया, आमचूर और हरी मिर्च की चटनी बनाकर डाल दें। ऊपर से नींबू का रस, काला नमक और चाट मसाला मिला दें। इस चाट को गर्मागरम खाएं।

कॉर्न चाट रेसिपी- सर्दियों में कॉर्न चाट का स्वाद बहुत अच्छा लगता है। कॉर्न चाट के लिए पहले कॉर्न को उबाल लें अब इसमें नींबू का रस डालकर मिक्स करें। कॉर्न चाट में चाट मसाला, नींबू का रस और काला नमक स्वाद बढ़ाते हैं। आप इस चाट को बच्चों को भी खिला सकते हैं।

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Recipes से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लाइफस्टाइल