1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. ज़ायक़ा
  4. शरीर को गर्म रखता है गुड़ और तिल से बना ये लड्डू, मकर संक्रांति पर खूब खाया जाता है, जानिए रेसिपी

शरीर को गर्म रखता है गुड़ और तिल से बना ये लड्डू, मकर संक्रांति पर खूब खाया जाता है, जानिए रेसिपी

 Written By: Bharti Singh @bhartinisheeth
 Published : Dec 20, 2024 09:35 am IST,  Updated : Dec 20, 2024 09:35 am IST

Sesame Seed Jaggery Laddu Recipe: गुड़ और तिल को सर्दियों का सुपरफूड कहा जाता है। ठंड में शरीर को गर्म रखने के लिए तिल-गुड़ से बने ये लड्डू जरूर खाएं। मकर संक्रांति के दिन भी इन लड्डुओं को खाने का विशेष महत्व होता है। जानिए तिल गुड़ के लड्डू बनाने की रेसिपी।

तिल लड्डू रेसिपी- India TV Hindi
तिल लड्डू रेसिपी Image Source : SOCIAL

ठंड में गर्म तासीर की चीजें खाने की सलाह दी जाती है। सर्दियों में तिल और गुड़ का सेवन शरीर के लिए फायदेमंद माना जाता है। दोनों की तासीर गर्म होती है। ठंड में तिल और गुड़ के लड्डू बनाकर आपको खूब खाने चाहिए। इससे आप ठंड से अपना बचाव कर पाएंगे। सर्दियों में ये लड्डू महीनों तक खराब नहीं होते हैं। आप एक बार बनाकर रख लें और पूरे सर्दियों के सीजन में खाएं। खाने के बाद ये एक लड्डू खाने से भोजन को आसानी से पचाने में भी मदद मिलती है। जानिए कैसे बनाते हैं गुड़ और तिल के लड्डू और इसकी रेसिपी क्या है?

गुड़ और तिल के लड्डू की रेसिपी

पहला स्टेप- सबसे पहले लड्डू बनाने के लिए आपको तिल चाहिए। आप 250 ग्राम तिल और करीब 400 ग्राम गुड़ से ये लड्डू तैयार कर लें। आप गुड़ या तिल की मात्रा अपने हिसाब से कम ज्यादा भी रख सकते हैं। आपको लड्डू बनाने के लिए सफेद तिल ही लेने हैं। तिल को साफ कर लें और कड़ाही या किसी पैन में डालकर धीमी आंच पर भून लें। तिल जब भुन जाएंगे तो इनसे चटखने की आवाज आना कम हो जाएगा और इनका रंग ब्राउन हो जाएगा।

दूसरा स्टेप- अब तिल को ठंडा होने के लिए किसी प्लेट में निकाल दें और ठंडा होने पर मिक्सी में डालकर हल्का दरदरा पीस लें। तिल को एकदम पाउडर जैसा नहीं बनाना है। आप चाहें तो साबुत तिल भी डाल सकते हैं। हम यहां तिल को हल्का दरदरा पीसकर इस्तेमाल कर रहे हैं। मिक्सी में पीसते वक्त बीच-बीच में रोककर चला लें। इससे तिल अच्छी तरह पिस जाएंगे।

तीसरा स्टेप- अब एक कड़ाही में 2 चम्मच देसी घी डालें और उसमें बारीक टुकड़ों में तोड़कर गुड़ डाल दें। गैस की फ्लेम एकदम हल्का रखें और चलाते हुए गुड़ को पिघलने दें। जब गुड़ पिघल जाए तो गैस बंद कर दें। अब गुड़ में पिसे हुए तिल मिला दें। दोनों चीजों को अच्छी तरह से मिक्स कर दें और फिर इससे लड्डू बना लें।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Recipes से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लाइफस्टाइल