1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. ज़ायक़ा
  4. घर पर हरी मिर्च का खट्टा-तीखा अचार कैसे बनाएं? ये ट्रिक आ सकता है आपके काम

घर पर हरी मिर्च का खट्टा-तीखा अचार कैसे बनाएं? ये ट्रिक आ सकता है आपके काम

 Written By: Ritu Raj
 Published : Sep 09, 2026 12:06 pm IST,  Updated : Sep 09, 2026 12:06 pm IST

हरी मिर्च का तीखा और खट्टा अचार हर खाने का स्वाद बढ़ा देता है। ऐसे में यहां हम आपके लिए हरी मिर्च का खट्टा-तीखा अचार की रेसिपी लेकर आए हैं। नोट करें रेसिपी।

घर पर हरी मिर्च का खट्टा-तीखा अचार कैसे बनाएं? ये ट्रिक आ सकता है आपके काम - India TV Hindi
घर पर हरी मिर्च का खट्टा-तीखा अचार कैसे बनाएं? ये ट्रिक आ सकता है आपके काम Image Source : MANJULA'S KITCHEN/YOUTUBE

भारतीय खाने की थाली अगर बिना अचार के परोसी जाए, तो वह कुछ अधूरी सी लगती है। दाल-चावल, रोटी-सब्जी या पराठा खाना चाहे कितना भी साधारण क्यों न हो, एक चम्मच अचार उसमें स्वाद का ऐसा तड़का लगाता है कि भूख अपने आप बढ़ जाती है। भारतीय व्यंजनों में अचार केवल एक साइड डिश नहीं, बल्कि हमारी भोजन संस्कृति का एक अहम हिस्सा है। हर तरह के अचारों में से हरी मिर्च का तीखा और खट्टा अचार अपनी एक खास जगह रखता है। जैसे ही थाली में हरी मिर्च का अचार आता है, खाने की रंगत और मज़ा दोनों दोगुने हो जाते हैं। घर पर हरी मिर्च का खट्टा-तीखा अचार बनाना बेहद आसान है। बस सही तकनीक और मसालों के सटीक संतुलन से आप इसे लंबे समय तक तरोताजा और स्वादिष्ट बनाए रख सकते हैं। यहां हरी मिर्च के अचार की रेसिपी लेकर आए हैं। तो बिना देरी किए सेव कर लें इस आर्टिकल का लिंक। 

सामग्री

  • 250 ग्राम हरी मिर्च 
  • खटास के लिए: 2 चम्मच अमचूर पाउडर या 2 बड़े नींबू का रस/2 चम्मच रायता राई
  • खड़े व पिसे मसाले: 2 चम्मच पीली राई (दरदरी पिसी), 2 चम्मच सौंफ (दरदरी पिसी), 1 चम्मच मेथी दाना (हल्का भूनकर पिसा), 1/2 चम्मच कलौंजी (मंगरैल), 1/2 चम्मच हल्दी पाउडर, 1/2 चम्मच हींग।
  • तेल व नमक: 4-5 बड़े चम्मच सरसों का तेल, 1.5 चम्मच सफेद नमक या स्वादानुसार और 1/2 चम्मच काला नमक।

बनाने का तरीका 

धोना और सुखाना: हरी मिर्च को ठंडे पानी से धोकर कॉटन के कपड़े से पूरी तरह पोंछ लें। इसके बाद इसे 1-2 घंटे पंखे की हवा या धूप में सुखाएं ताकि नमी चली जाए। 

कटाई: अब मिर्च के डंठल तोड़कर अलग कर दें। अब मिर्च में बीच से लंबा चीरा लगाएं ताकि मसाला अंदर तक आसानी से भर सके।

मसाला तैयार करें: एक कटोरी में दरदरी पिसी राई, सौंफ, मेथी दाना, कलौंजी, हल्दी, हींग, अमचूर पाउडर और दोनों प्रकार के नमक को एक साथ मिला लें।

तेल गरम करें: सरसों के तेल को एक पैन में तब तक गरम करें जब तक उसमें से धुआं न निकलने लगे। इसके बाद गैस बंद कर दें और तेल को पूरी तरह गुनगुना या ठंडा होने दें।

स्टफिंग तैयार करें: ठंडे हुए तेल का आधा हिस्सा पिसे हुए मसालों में मिलाकर गाढ़ा पेस्ट बना लें। इस मसाले को हरी मिर्च के चीरे में अच्छी तरह भरें।

स्टोर करें: मसाले से भरी मिर्च को एक सूखे और साफ कांच के जार में रखें। ऊपर से बचा हुआ सरसों का तेल डाल दें।

नमी से बचाएं: अचार खराब होने का सबसे बड़ा कारण नमी है। मिर्च धोने के बाद बिल्कुल सूखी होनी चाहिए और इसे निकालने के लिए हमेशा सूखे चम्मच का इस्तेमाल करें।

राई और अमचूर का करें इस्तेमाल: मिर्च के तीखेपन को संतुलित करने के लिए पीली राई और अमचूर पाउडर का इस्तेमाल करें। राई अचार को 2-3 दिनों में खट्टा बनाती है।

धूप दिखाएं: अचार तैयार होने के बाद जार का ढक्कन बंद करके 2-3 दिन धूप में रखें। इससे मसाले मिर्च के साथ अच्छी तरह रम जाते हैं और अचार का स्वाद दोगुना हो जाता है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Recipes से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लाइफस्टाइल