इन दिनों दिल्ली समेत पूरे उत्तर भारत में भीषण गर्मी पड़ रही है। ऐसे में ज़रूरी है कि लू और गर्मी से बचने के लिए अपने आप को हमेशा हाइड्रेटेड रखें। भीषण गर्मी से बचने के लिए आप अपनी डाइट में अपनी के अलावा ऐसे ड्रिंक्स को शामिल करें जो आपकी ऊर्जा को बरकार रखें। आज हम आपके लिए आम और गोंद कतीरा की शानदार ड्रिंक लेकर आए हैं जो गर्मियों के लिए परफेक्ट है। चलिए जानते हैं कैसे बनाएं यह ड्रिंक रेसिपी?
आम और गोंद कतीरा ड्रिंक के लिए सामग्री
1 गिलास ठंडा पानी, 2–3 बड़े चम्मच आम की प्यूरी, 1 छोटा चम्मच भीगा हुआ गोंद कतीरा, 1 छोटा चम्मच सब्जा सीड्स, कुछ ताज़े पुदीने के पत्ते, एक चुटकी नमक, आधा छोटा चम्मच भुना हुआ जीरा पाउडर, एक चुटकी काला नमक, आधा छोटा चम्मच चाट मसाला, बर्फ के टुकड़े
आम और गोंद कतीरा ड्रिंक बनाने की विधि
-
पहला स्टेप: सबसे पहले, रात के समय सोने से पहले गोंद कतीरा और सब्जा के बीजों को अलग-अलग सात से आठ घंटे के लिए भिगोएँ।
-
दूसरा स्टेप: अगली सुबह एक गिलास में, आम की प्यूरी के साथ ठंडा पानी और बर्फ के टुकड़े डालें और अच्छी तरह मिलाएँ।
-
तीसरा स्टेप: अब, इसमें गोंद कतीराऔर सब्जा के बीज डालें। ऊपर से नमक, काला नमक, जीरा पाउडर और चाट मसाला छिड़कें।
-
चौथा स्टेप: ताज़गी भरे स्वाद के लिए, इसमें कुचले हुए पुदीने के पत्ते डालें। आपका ड्रिंक बनकर तैयार है।
आम और गोंद कतीरा ड्रिंक पीने के फायदे
आम और गोंद कतीरा का ड्रिंक गर्मियों के लिए रामबाण से कम नहीं है। इस ड्रिंक का सेवन, भीषण गर्मी में लू और हीट स्ट्रोक से बचाने में मदद करता है। गोंद कतीरा में फाइबर की मात्रा बहुत ज़्यादा होती है जो कब्ज जैसी समस्याओं को दूर करने में सहायक है। इस ड्रिंक का नियमित सेवन त्वचा को हाइड्रेटेड रखता है जिससे चेहरे पर चमक आती है और कील-मुहासों जैसी समस्याओं में राहत मिलती है। यह संयोजन एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर होता है, जो शरीर की इम्यूनिटी बढ़ाकर संक्रमणों से लड़ने में मदद करता है।