सुबह का नाश्ता हेल्दी और टेस्टी हो, तो पूरा दिन एनर्जी से भरपूर रहता है। अगर आप रोज़ वही पोहा या उपमा खाकर बोर हो चुके हैं, तो बेसन पनीर चीला आपके लिए बेहतरीन ऑप्शन साबित हो सकता है। यह एक बेहतरीन नाश्ता होने के साथ प्रोटीन से भरपूर है। इसके अलावा इसे बनाने में भी बहुत ज्यादा समय नहीं लगता। आप इसे ऑफिस जाने की जल्दीबाजी के बीच भी बना सकते हैं। ऐसे में यहां हम आपके लिए बेसन पनीर चीला की आसान सी रेसिपी लेकर आए हैं। फटाफट नोट करें रेसिपी।
सामग्री
- बेसन - 1 कप
- सूजी - 2 चम्मच
- कद्दूकस किया हुआ पनीर - ½ कप
- बारीक कटा प्याज - 1 छोटा
- बारीक कटा टमाटर - 1 छोटा
- हरी मिर्च और हरा धनिया
- मसाले - अजवाइन (½ चम्मच), हल्दी (¼ चम्मच), लाल मिर्च पाउडर, नमक
- तेल या घी - सेंकने के लिए
बनाने का तरीका
स्टेप 1
सबसे पहले एक बड़े बर्तन में बेसन और सूजी को छान लें। अब इसमें अजवाइन, हल्दी, लाल मिर्च पाउडर और स्वादानुसार नमक डालें। इसमें थोड़ा-थोड़ा पानी मिलाते हुए एक घोल तैयार कर लें। ध्यान रहे कि घोल में गुठलियां न पड़ें। घोल न तो बहुत गाढ़ा होना चाहिए और न ही बहुत पतला। इस बैटर को 10 मिनट के लिए ढककर रख दें।
स्टेप 2
एक अलग कटोरी में कद्दूकस किया हुआ पनीर लें। इसमें बारीक कटा प्याज, टमाटर, हरी मिर्च, हरा धनिया और एक चुटकी नमक डालकर अच्छी तरह मिक्स कर लें।
स्टेप 3
अब गैस पर एक नॉन-स्टिक तवा गर्म करें और उस पर थोड़ा सा तेल या घी लगाएं। तवा गर्म होने पर, एक बड़ा चमचा बैटर तवे के बीच में डालें और उसे गोल घुमाते हुए डोसे की तरह फैलाएं।
स्टेप 4
चीले के किनारों पर थोड़ा सा तेल डालें और इसे धीमी से मध्यम आंच पर सिकने दें। जब ऊपर से ये अच्छी तरह सिक जाए तो इसे पलटें और दूसरी तरफ से भी हल्का सेक लें। अब चीले को वापस सीधा करें और इसके बीच में तैयार की गई पनीर की स्टफिंग डालें। इसके बाद इसे मोड़ लें और फिर सर्व करें।