सर्दियों में नाश्ते में पराठे खाना लोगों को पसंद होता है। आलू, बथुआ, मूली और गोभी के पराठे खूब खाए जाते हैं। हालांकि कुछ लोगों से गोभी के पराठे ठीक तरह से नहीं बन पाते हैं। गोभी को भरते वक्त पराठे फटने लगते हैं और बेलने में टूट जाते हैं। ऐसे में आज हम आपको गोभी के पराठे बनाने की आसान रेसिपी बता रहे हैं, जिससे पराठे फटेंगे नहीं और इन्हें आप कितना भी बड़ा बेल सकते हैं। आइये जानते हैं बिना फटे टूटे गोभी के पराठे बनाने की रेसिपी।
गोभी के पराठे बनाने के लिए सामग्री
- कद्दूकस की हुई गोभी
- दो बारीक कटी हुई हरी मिर्च
- थोड़ा लहसुन
- थोड़ी कद्दूकस अदरक
- बारीक कटे हुए प्याज़
- हरा धनिया
- 1 टीस्पून लाल मिर्च पाउडर
- नमक स्वादानुसार
- आधा टीस्पून हल्दी
- 1 टीस्पून गरम मसाला
- 1 टीस्पून अमचूर पाउडर
- तेल
- हींग और जीरा
- गेहूं का आटा
गोभी के पराठे की रेसिपी
पहला स्टेप- पराठे के लिए सबसे पहले स्टफिंग तैयार करनी होगी। तो कढ़ाई में 1 चम्मच तेल डालकर गर्म करें। इसमें हींग और जीरा डालकर बारीक कटी हरी मिर्च, लहसुन, अदरक और प्याज डालकर अच्छी तरह भून लें।
दूसरा स्टेप- अब इसमें कद्दूकस की हुई गोभी डालें और मिलाकर लाल मिर्च, नमक, हल्दी, गरम मसाला और अमचूर पाउडर डाल दें। गोभी को हल्का पकने दें और फिर हरा धनिया डालकर मिक्स कर लें। स्टफिंग को ठंडा होने दें और तब तक आटा गूंथ लें।
तीसरा स्टेप- भरवां पराठे के लिए हमेशा नरम आटा गूंथकर तैयार करें। इससे स्टफिंग बाहर नहीं निकलती है। अब आटे को 10 मिनट ढककर सेट होने के लिए रख दें। आटे से लोई लें और उसे बड़ा करके तैयार गोभी की स्टफिंग भर दें। अब बंद करके पराठे को बेल लें।
चौथा स्टेप- तवा गर्म करें और इस पर पराठा डालकर दोनों तरफ से अच्छी तरह सुनहरा होने तक फ्राई कर लें। इसी तरह सारे पराठे बनाकर तैयार कर लें। इस रेसिपी से पराठे बनाएंगे तो बिल्कुल नहीं फटेंगे और पराठे का स्वाद भी गजब का लगेगा।