दिवाली का त्योहार खुशियों, रोशनी और अपनों के साथ सेलिब्रेट करने का त्योहार है। इस खास मौके पर हर घर में तरह-तरह के पकवान बनाए जाते हैं। मेहमानों के स्वागत के लिए तरह तरह के स्नैक्स भी बनते हैं। अगर आप भी इस दिवाली अपने मेहमानों के लिए कुछ नया और स्वादिष्ट बनाना चाहते हैं, तो चीज कॉर्न बॉल्स एक बेहतरीन ऑप्शन है। यह बाहर से क्रिस्पी और अंदर से चीजी होते हैं, जिसे बच्चे और बड़े सभी चाव से खाते हैं। यहां चीज कॉर्न बॉल्स की रेसिपी दी गई है।
सामग्री
- उबले हुए कॉर्न: 1 कप
- उबले और मैश किए हुए आलू: 2 मध्यम आकार के
- मोजरेला या प्रोसेस्ड चीज: आधा कप
- हरी मिर्च: 2 (बारीक कटी हुई)
- अदरक-लहसुन का पेस्ट: 1 छोटा चम्मच
- मैदा: 2 बड़े चम्मच
- ब्रेड क्रम्ब्स: आवश्यकतानुसार
- काली मिर्च पाउडर: आधा छोटा चम्मच
- चिली फ्लेक्स या लाल मिर्च पाउडर: आधा छोटा चम्मच
- हरा धनिया: बारीक कटा हुआ
- तेल: तलने के लिए
- नमक: स्वादानुसार
बनाने का तरीका
स्टेप 1: इसके लिए एक बड़े बाउल में उबले हुए कॉर्न लें। इन्हें हल्का सा क्रश भी सकते हैं ताकि बॉल्स बनाते समय ये बाहर न निकलें। अब इसमें उबले और मैश किए हुए आलू डालें।
स्टेप 2: इस मिश्रण में बारीक कटी हरी मिर्च, अदरक-लहसुन का पेस्ट, काली मिर्च पाउडर, चिली फ्लेक्स, बारीक कटा हरा धनिया और स्वादानुसार नमक मिलाएं। अंत में इसमें कद्दूकस किया हुआ चीज डालकर सभी चीजों को अच्छी तरह गूंथ लें ताकि एक डो जैसा तैयार हो जाए।
स्टेप 3: अब एक अलग छोटी कटोरी में मैदा लें और उसमें थोड़ा-थोड़ा पानी डालकर एक पतला और चिकना घोल तैयार कर लें।
स्टेप 4: अब तैयार मिश्रण से थोड़ा-थोड़ा हिस्सा अपने हाथों में लें और उसे गोल बॉल का आकार दें। आप चाहें तो इसके केंद्र में चीज का एक छोटा टुकड़ा और भरकर बंद कर सकती हैं ताकि यह अंदर से और ज्यादा चीजी बने।
स्टेप 5: तैयार की गई हर बॉल को पहले मैदे के घोल में डुबोएं और तुरंत बाहर निकालकर ब्रेड क्रम्ब्स में अच्छी तरह लपेट लें ताकि चारों तरफ एक अच्छी परत बन जाए। इसी तरह सभी बॉल्स तैयार कर लें।
स्टेप 6: इसके बाद एक कड़ाही में मध्यम आंच पर तेल गर्म करें। जब तेल ठीक से गर्म हो जाए, तो इसमें धीरे-धीरे चीज कॉर्न बॉल्स डालें। इन्हें सुनहरा भूरा और क्रिस्पी होने तक मध्यम आंच पर तलें। तेज आंच पर तलने से ये बाहर से जल सकते हैं और अंदर से ठंडे रह जाएंगे।
स्टेप 7: तैयार गर्मागर्म चीज कॉर्न बॉल्स को एक प्लेट में टिशू पेपर पर निकालें ताकि एक्सट्रा ऑयल निकल जाए।