1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. ज़ायक़ा
  4. गेहूं के आटे से बनाएं खस्ता और स्वादिष्ट कचौरी, शाम की चाय के लिए है बेस्ट ऑप्शन, नोट करें रेसिपी

गेहूं के आटे से बनाएं खस्ता और स्वादिष्ट कचौरी, शाम की चाय के लिए है बेस्ट ऑप्शन, नोट करें रेसिपी

 Written By: Ritu Raj
 Published : Oct 28, 2026 03:53 pm IST,  Updated : Oct 28, 2026 03:53 pm IST

शाम की चाय के मजे को दोगुना करना चाहते हैं तो आप गेहूं के आटे की बनी स्वादिष्ट और खस्ता कचौरी ट्राय कर सकते हैं। यहां हम आपके लिए खस्ता कचौरी की आसान सी रेसिपी लेकर आए हैं।

गेहूं के आटे से बनाएं खस्ता और स्वादिष्ट कचौरी, शाम की चाय के लिए है बेस्ट ऑप्शन- India TV Hindi
गेहूं के आटे से बनाएं खस्ता और स्वादिष्ट कचौरी, शाम की चाय के लिए है बेस्ट ऑप्शन Image Source : PISTA'S KITCHEN/YOUTUBE

शाम की चाय के साथ कुछ स्वादिष्ट और कुरकुरा मिल जाए तो इससे अच्छी बात और कुछ हो ही नहीं सकती। शाम के वक्त अक्सर हमलोगों का मन कुछ चटपटा खाने का करता है लेकिन समझ नहीं आता कि क्या खाया जाए। अगर आप भी स्वाद और सेहत दोनों का ध्यान रखना चाहते हैं, कुछ खस्ता खाना चाहते हैं तो गेहूं के आटे से बनी कचौरी बेहतरीन ऑप्शन हो सकता है। यह बाहर से जितनी खस्ता और कुरकुरी होती है, अंदर से उतनी ही मसालेदार और टेस्टी बनती है। यहां हम आपके लिए आसान सी रेसिपी लेकर आए हैं। 

सामग्री

  • गेहूं का आटा: 2 कप
  • सूजी: 2 बड़े चम्मच 
  • मोयन के लिए तेल या घी: 4 बड़े चम्मच
  • नमक: स्वादानुसार
  • अजवाइन: आधा छोटा चम्मच
  • उबले हुए आलू: 3 मीडियम साइज 
  • बारीक कटी हरी मिर्च: 2
  • अदरक-लहसुन का पेस्ट: 1 छोटा चम्मच
  • धनिया पाउडर: 1 चम्मच
  • लाल मिर्च पाउडर: आधा छोटा चम्मच
  • गरम मसाला: आधा छोटा चम्मच
  • अमचूर पाउडर या चाट मसाला: 1 छोटा चम्मच
  • कसूरी मेथी: 1 छोटा चम्मच
  • बारीक कटा हरा धनिया
  • तेल: स्टफिंग भूनने और कचौरी तलने के लिए
  • नमक: स्वादानुसार

बनाने का तरीका 

स्टेप 1: एक बड़े बर्तन में गेहूं का आटा, सूजी, अजवाइन और नमक मिलाएं। इसमें मोयन के लिए गर्म तेल डालकर अच्छी तरह दोनों हाथों से मलें। जब मुट्ठी बंधने लगे, तब गुनगुना पानी डालते हुए पूरी के आटे जैसा थोड़ा सख्त आटा गूंथ लें। इसे 15 मिनट के लिए ढककर रख दें।

स्टेप 2: अब एक पैन में 1 छोटा चम्मच तेल गरम करें। उसमें अदरक-लहसुन का पेस्ट और हरी मिर्च डालें। अब इसमें धनिया पाउडर, लाल मिर्च, गरम मसाला और अमचूर पाउडर डालकर कुछ सेकेंड भूनें। इसके बाद उबले हुए मैश किए आलू, कसूरी मेथी और नमक मिलाएं। 2-3 मिनट भूनने के बाद ऊपर से हरा धनिया डालकर गैस बंद कर दें और मिश्रण को ठंडा होने दें।

स्चेप 3: आटे की छोटी-छोटी लोइयां तोड़ लें। एक लोई को हथेली से बीच में गहरा करते हुए कटोरी का आकार दें। इसमें स्टफिंग की एक छोटी बॉल रखें और किनारों को आपस में बंद करते हुए गोल लोई का शेप दें। हथेलियों से हल्का चपटा कर लें।

स्टेप 4: इसके बाद एक कढ़ाई में तलने के लिए तेल गरम करें। तेल बहुत ज्यादा गरम नहीं होना चाहिए। कचौरियों को तेल में डालें और धीमी आंच पर सुनहरा और खस्ता होने तक तलें। बीच-बीच में पलटते रहें ताकि दोनों तरफ से समान रूप से सिक जाए।

स्टेप 5: गरमा-गरम खस्ता कचौरियों को हरी चटनी, इमली की मीठी चटनी और गरमा-गरम चाय के साथ सर्व करें।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Recipes से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लाइफस्टाइल।