1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. ज़ायक़ा
  4. घर पर बनाएं स्वाद से भरपूर ढाबा स्टाइल बैंगन भरता, सेव करें रेसिपी

घर पर बनाएं स्वाद से भरपूर ढाबा स्टाइल बैंगन भरता, सेव करें रेसिपी

 Written By: Ritu Raj
 Published : Jul 18, 2026 02:40 pm IST,  Updated : Jul 18, 2026 02:40 pm IST

बैंगन का भरता एक बहुत ही लोकप्रिय और स्वादिष्ट भारतीय व्यंजन है। भुने हुए बैंगन को मसालों के साथ पकाकर जो स्मोकी स्वाद आता है, वह लाजवाब होता है। अगर आप भी घर पर बैंगन का भरता बनाना चाहते हैं तो यहां से रेसिपी नोट कर सकते हैं।

घर पर बनाएं स्वाद से भरपूर ढाबा स्टाइल बैंगन भरता, सेव करें रेसिपी - India TV Hindi
घर पर बनाएं स्वाद से भरपूर ढाबा स्टाइल बैंगन भरता, सेव करें रेसिपी Image Source : MAGNIFIC

बारिश के मौसम में लोगों का मन कुछ चटपटा और जायकेदार खाने का करता है। इस मौसम में लोगों को सब्जी भी चटपटी पसंद आती है। अगर आप भी कुछ चटपटा खाने का सोच रहे हैं तो बैंगन का भरता बेस्ट ऑप्शन हो सकता है। अगर थाली में गरमा-गरम ढाबा स्टाइल बैंगन का भरता मिल जाए, तो खाने का मज़ा दोगुना हो जाता है। ढाबे के भरते की खासियत होती है उसका खास स्मोकी फ्लेवर और मसालों का परफेक्ट बैलेंस। अगर आप घर पर ढाबा स्टाइल बैंगन का भरता बनाना चाहते हैं तो यहां से रेसिपी नोट कर सकते हैं। 

सामग्री

  • गोल बैंगन: 1 बड़ा (लगभग 400-500 ग्राम)
  • बारीक कटा प्याज: 2 मध्यम आकार के
  • बारीक कटे टमाटर: 2 बड़े
  • बारीक कटी हरी मिर्च: 2-3
  • अदरक-लहसुन का पेस्ट: 1 बड़ा चम्मच
  • लहसुन की कलियां: 4-5 (बैंगन में डालने के लिए)
  • सरसों का तेल: 3-4 बड़े चम्मच
  • मसाले: आधा चम्मच जीरा, 1 चम्मच कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर, आधा चम्मच हल्दी, 1 चम्मच धनिया पाउडर, आधा चम्मच गरम मसाला।
  • हरा धनिया: बारीक कटा हुआ 
  • नमक: स्वादानुसार

बनाने का तरीका 

स्टेप 1

सबसे पहले बैंगन को धोकर सुखा लें। अब बैंगन में चाकू से 3-4 गहरे चीरे लगाएं। इन चीरों के अंदर लहसुन की कलियां और थोड़ा सा सरसों का तेल डाल दें। बैंगन के बाहरी हिस्से पर भी थोड़ा सा तेल लगा लें। अब इसे सीधे गैस की आंच पर अलट-पलट कर तब तक भूनें, जब तक कि इसका छिलका पूरी तरह काला और अंदर का गूदा सॉफ्ट न हो जाए। भूनने के बाद इसे ठंडा होने दें, फिर छिलका उतारकर मैश कर लें।

स्टेप 2
एक कढ़ाई में सरसों का तेल गरम करें। तेल से धुआं निकलने पर जीरा चटकाएं। अब इसमें बारीक कटा प्याज डालें और सुनहरा होने तक भूनें। इसके बाद अदरक-लहसुन का पेस्ट और हरी मिर्च डालकर 1 मिनट तक चलाएं।

स्टेप 3
अब कढ़ाई में कटे हुए टमाटर डालें। साथ ही नमक, हल्दी, धनिया पाउडर और कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर मिलाएं। टमाटर को तब तक पकाएं जब तक कि वह पूरी तरह गल न जाए और मसाला तेल न छोड़ दे। ढाबा स्टाइल बनाने के लिए मसालों का अच्छे से भुनना बहुत जरूरी है।

स्टेप 4
मसाला तैयार होने पर इसमें मैश किया हुआ बैंगन डालें। आंच को धीमा करें और इसे मसालों के साथ 5 से 7 मिनट तक अच्छी तरह भूनें ताकि स्मोकी फ्लेवर पूरे भरते में समा जाए। आखिरी में गरम मसाला और बारीक कटा हरा धनिया डालकर मिक्स करें।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Recipes से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लाइफस्टाइल