आज दिल्ली और एनसीआर में झमाझम बारिश हुई है। महीनों से बारिश के लिए तरस रहे लोगों को आज सुकून मिला है। बारिश की वजह से मौसम एकदम सुहाना हो गया है और ठंडी हवाएं बह रही हैं। अब अगर इस मौसम में आपको शाम के समय कुछ गरम गरम पीने का मन कर रहा है तो आप टमाटर का सूप बना सकते हैं। यह टेस्टी होने के साथ हेल्दी भी होता है। तो चलिए जानते हैं कैसे बनाएं यह रेसिपी?
टमाटर का सूप बनाने के लिए सामग्री:
मीडियम आकार के 5 टमाटर, प्याज 2 छोटे आकार, अदरक 2 इंच, लहसुन 10-12 लौंग, धनिये की सब्जी एक मुट्ठी, कश्मीरी लाल मिर्च 3, तेल 1-2 चम्मच, नमक स्वादानुसार, काली मिर्च 1/2 चम्मच, पानी आवश्यकतानुसार, गर्म पानी, चीनी, मक्खन 2 बड़े चम्मच, गार्निश के लिए फ्रेश क्रीम, बेसिल
टमाटर का सूप कैसे बनाएं?
-
टमाटर का सूप बनाने के लिए सबसे पहले मीडियम आकार के 5 टमाटर को गैस पर रखकर अच्छी तरह से भून लें। इस बात का ध्यान रखें कि टमाटर बहुत ज़्यादा जलना कहीं चाहिए लेकिन अंदर से पक जाना चाहिए। इसलिए स्लो आंच पर इसे भूनें। जब ये भून जाए तो उसके ऊपर की स्किन निकालकर अच्छी तरह से मैश कर लें।
-
अब प्याज़ को चार टुकड़ों में काट लें, और अदरक के मोटे टुकड़े कर लें। एक पैन को तेज़ आँच पर रखें और गरम होने दें। थोड़ा तेल डालें। पैन में प्याज़, अदरक, लहसुन, ताज़े धनिये की डंठल और कश्मीरी लाल मिर्च, एक चुटकी नमक और काली मिर्च डालें। बिना चलाए तेज़ आँच पर 2-3 मिनट तक भूनें, जब तक कि अच्छी तरह भुन न जाएँ। जब ये सब अच्छी तरह भून जाए तब इसमें टमाटर का पल्प डालें। अब थोड़ा गर्म पानी डालकर कुछ देर और पकाएँ।
-
अब, गैस की आंच बंद कर दें और मिश्रण को थोड़ा ठंडा होने दें। और सब कुछ मिक्सर जार में डालें और चिकना होने तक ब्लेंड करें। उसके बाद सूप को सॉस पैन में डालें, गाढ़ापन ठीक करें और धीमी आँच पर उबाल आने दें।
-
चखकर स्वाद के हिसाब से चीज़ें ठीक करें, स्वाद को बैलेंस करने के लिए ज़रा सा बटर भी डालें। थोड़ी देर धीमी आँच पर पकाएँ, फिर आँच बंद कर दें। आपका झटपट बनने वाला भुना हुआ टोमैटो सूप तैयार है। अब टोस्टेड ब्रेड या गार्लिक टोस्ट के साथ गरमा-गरम परोसें।