शाम के स्नैक्स का समय होते ही बच्चे कुछ क्रिस्पी और मजेदार खाने की जिद करने लगते हैं। ऐसे में रोज-रोज बाजार का जंक फूड देना उनकी सेहत को नुकसान पहुंचा सकता है। अगर आप बच्चों को कुछ ऐसा देना चाहते हैं जो स्वाद में मजेदार हो, तो साबूदाना फिंगर्स आपके लिए परफेक्ट ऑप्शन हो सकता है। साबूदाना से बने ये फिंगर्स बच्चों को खूब पसंद आएंगे। इसे जब आलू और मूंगफली के साथ मिलाकर फिंगर्स का शेप दिया जाता है, तो बच्चे इसे बड़े चाव से खाते हैं। यहां हम इसकी सिंपल सी रेसिपी लेकर आए हैं।
सामग्री
- साबूदाना: 1 कप (भिगोया हुआ)
- उबले आलू: 2 (मैश किए हुए)
- भुनी मूंगफली का पाउडर: 3-4 चम्मच
- हरी मिर्च: 1 (बारीक कटी हुई, स्वादानुसार)
- हरा धनिया: 2 चम्मच (बारीक कटा)
- सेंधा नमक या सादा नमक: स्वाद अनुसार
- काली मिर्च पाउडर: ½ छोटा चम्मच
- अमचूर पाउडर या नींबू का रस: ½ छोटा चम्मच
- तेल/घी: पकाने या शैलो फ्राई करने के लिए
बनाने का तरीका
स्टेप 1: साबूदाने को 3-4 घंटे के लिए पानी में भिगोकर रख दें ताकि वह अच्छे से फूल जाए। इसके बाद सारा पानी छान लें।
स्टेप 2: एक बड़े बाउल में भिगोया हुआ साबूदाना, उबले आलू, मूंगफली का पाउडर, कटी हरी मिर्च, हरा धनिया, नमक, काली मिर्च और अमचूर पाउडर डालकर अच्छी तरह मिला लें।
स्टेप 3: अब हाथों पर थोड़ा सा तेल लगाएं और इस मिश्रण से लंबे-लंबे 'फिंगर्स' या रोल का आकार बना लें।
फ्राई या बेक करें
एक पैन में थोड़ा सा तेल या घी गरम करें और धीमी-मध्यम आंच पर फिंगर्स को सुनहरा और कुरकुरा होने तक सेकें।
यदि आप इसे और भी हेल्दी बनाना चाहते हैं, तो एयर फ्रायर में थोड़ा सा तेल लगाकर 180°C पर 10-12 मिनट के लिए बेक कर लें।