1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. ज़ायक़ा
  4. घर पर ऐसे बनाएं समोसा चाट, सिर्फ 15 मिनट में तैयार, बारिश के मौसम का मजेदार स्नैक

घर पर ऐसे बनाएं समोसा चाट, सिर्फ 15 मिनट में तैयार, बारिश के मौसम का मजेदार स्नैक

 Written By: Bharti Singh
 Published : Aug 10, 2026 02:23 pm IST,  Updated : Aug 10, 2026 02:23 pm IST

बारिश में चाट खाने का मन है तो आप घर में समोसा चाट बनाकर खा सकते हैं। बाजार से समोसे खरीदकर लाएं या पैक्ड समोसा ले लें। दही और कुछ मजेदार चटनी के साथ समोसा चाट बनाकर इंजॉय करें स्वादिष्ट चाट। आसान है समोसा चाट की रेसिपी।

समोसा चाट रेसिपी - India TV Hindi
समोसा चाट रेसिपी Image Source : INDIA TV

बारिश के मौसम में कुछ गरमा-गरम और फटाफट बनने वाला खाना बनाना चाहते हैं तो इसके लिए समोसा चाट बेस्ट ऑप्शन है। करारे समोसे की चाट एक बार बनाकर खाएंगे तो उंगलियां चाटते रह जाएंगे। इसे बनाने में झंझट भी नहीं है, सिर्फ समोसे के साथ कुछ चीजों को मिलाकर इसे तैयार कर लिया जाता है। आप बाजार से ताजा बने हुए समोसे खरीदकर ले आएं या जगदीश फरसन के रेडी टू ईट समोसे इस्तेमाल कर सकते हैं। इसे सिर्फ माइक्रोवेव में गर्म करके इस चाट को तैयार किया जा सकता है। इस रेसिपी की खास बात यह है कि इसके लिए न तो समोसे बनाने की जरूरत होगी और सिर्फ 15 मिनट में स्ट्रीट स्टाइल समोसा चाट रेसिपी बनकर तैयार हो जाएगी। 

समोसा चाट बनाने के लिए सामग्री

  • 12-15 ड्राई समोसे
  • 1 कप गाढ़ा पेंटा हुआ दही
  • ¼ कप इमली की चटनी
  • ¼ कप पुदीना-धनिया की चटनी
  • 1 छोटा बारीक कटा प्याज 
  • 1 छोटा बारीक कटा टमाटर 
  • 2 बड़े चम्मच कटा हरा धनिया
  • 2 बड़े चम्मच अनार के दाने
  • 1 छोटा चम्मच भुना जीरा पाउडर
  • ½ छोटा चम्मच चाट मसाला
  • स्वाद के अनुसार लाल मिर्च पाउडर
  • ऊपर डालने के लिए थोड़े सेव 

समोसा चाट की रेसिपी

पहला स्टेप- सबसे पहले समोसों को एयर फ्रायर या ओवन में 2-3 मिनट तक गर्म कर लें, ताकि वे फिर से कुरकुरे हो जाएं। अब गर्म समोसों को एक प्लेट या सर्विंग प्लेट में रखें और हर समोसे को हल्के हाथ से 2-3 टुकड़ों में तोड़ दें।

दूसरा स्टेप- दही को अच्छी तरह से फेंट लें और ठंडा दही समोसे के ऊपर अच्छी तरह से डाल दें। दही के ऊपर इमली की मीठी-खट्टी चटनी डालें। इसके बाद पुदीना-धनिया की हरी चटनी डालें। अब बारीक कटा प्याज और टमाटर डालें। ऊपर से भुना जीरा पाउडर, चाट मसाला और स्वाद के अनुसार लाल मिर्च डालें।

तीसरा स्टेप- अब आपको आखिर में हरा धनिया और अनार के दाने डालकर चाट को सजाना है। आप चाहें तो ऊपर से थोड़ी सी सेव भी डाल सकते हैं। समोसा चाट को तुरंत गर्मागर्म सर्व करें। अगर बारिश में समोसा चाट बनाकर खा रहे हैं तो इसे अदरक वाली चाय के साथ इंजॉय करें।

परफेक्ट समोसा चाट बनाने के टिप्स

  • समोसों को चाट बनाने से ठीक पहले ही गर्म करें, इससे वे ज्यादा देर तक कुरकुरे रहेंगे।
  • दही हमेशा गाढ़ा और ठंडा इस्तेमाल करें। इससे गर्म समोसों के साथ इसका स्वाद और भी अच्छा लगेगा।
  • मीठी, खट्टी और तीखी चटनी की मात्रा अपने स्वाद के हिसाब से कम या ज्यादा कर सकते हैं।
  • चाट को खाने से ठीक पहले ही तैयार करें। पहले से बनाकर रखने पर समोसे नरम और गीले हो सकते हैं।

बारिश की शाम में अगर कुछ चटपटा और मजेदार खाने का मन हो, तो यह 15 मिनट वाली समोसा चाट एकदम बढ़िया विकल्प है। इसमें ज्यादा मेहनत भी नहीं लगती और स्वाद भी बिल्कुल बाजार वाली चाट जैसा मिलता है। इसे गरमा-गरम चाय के साथ परिवार के साथ बैठकर खाएं और बारिश के मौसम का मजा दोगुना करें।

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Recipes से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लाइफस्टाइल