1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. ज़ायक़ा
  4. रक्षाबंधन के मौके पर भाई के लिए बनाएं स्पेशल गुलाब जामुन, नोट करें रेसिपी

रक्षाबंधन के मौके पर भाई के लिए बनाएं स्पेशल गुलाब जामुन, नोट करें रेसिपी

 Written By: Ritu Raj
 Published : Aug 21, 2026 02:39 pm IST,  Updated : Aug 21, 2026 02:39 pm IST

गुलाब जामुन का नाम सुनते ही लोगों के मुंह में पानी भर जाता है। लेकिन क्या आपने कभी घर पर इसे बनाने की कोशिश की है। अगर नहीं तो यहां गुलाब जामुन बनाने की आसान सी रेसिपी दी गई है। फटाफट नोट कर लें रेसिपी।

रक्षाबंधन के मौके पर भाई के लिए बनाएं स्पेशल गुलाब जामुन, नोट करें रेसिपी- India TV Hindi
रक्षाबंधन के मौके पर भाई के लिए बनाएं स्पेशल गुलाब जामुन, नोट करें रेसिपी Image Source : INDIA TV

रक्षाबंधन भाई-बहन के अटूट प्रेम और स्नेह का प्रतीक है। इस खास मौके पर हर घरों में तरह तरह की मिठाइयां बनाई जाती है। त्योहार के मौके पर अपने हाथों से बनी मिठाई के साथ भाई के मुंह मीठा कराने की बात ही कुछ और होती है। रक्षाबंधन के मौके पर भाई को मिठाई खिलाई जाए, तो त्योहार का स्वाद और खुशी दोनों दोगुने हो जाते हैं। इस बार बाजार की मिलावटी मिठाइयों को छोड़िए और घर पर ही बनाइए एकदम बाजार जैसे सॉफ्ट, रसीले और मुंह में घुल जाने वाले मावा गुलाब जामुन। यहां गुलाब जामुन की आसान सी रेसिपी दी गई है। 
 
सामग्री
  • ताजा मावा (खोया) - 250 ग्राम
  • पनीर (कद्दूकस किया हुआ) - 50 ग्राम
  • मैदा - 3-4 चम्मच
  • बेकिंग सोडा - 1 चुटकी
  • चीनी (चाशनी के लिए) - 2 कप (लगभग 400 ग्राम)
  • पानी - 2 कप
  • इलायची पाउडर - 1/2 छोटा चम्मच
  • केसर के धागे - 8-10 
  • बारीक कटे मेवे  - 1 बड़ा चम्मच
  • तलने के लिए देसी घी या तेल
स्टेप 1
एक गहरे बर्तन में 2 कप चीनी और 2 कप पानी मिलाकर तेज आंच पर उबालें। जब चीनी पूरी तरह घुल जाए, तब आंच मध्यम कर दें और इसे 8-10 मिनट तक पकने दें। चाशनी में एक तार या दो तार बनने की जरूरत नहीं है, बस यह उंगलियों पर चिपचिपी महसूस होनी चाहिए। अब इसमें इलायची पाउडर और केसर के धागे डालकर अच्छी तरह मिलाएं और गैस बंद करके चाशनी को ढंककर अलग रख दें।
 
स्टेप 2
एक बड़ी और चौड़ी प्लेट में मावा और कद्दूकस किया हुआ पनीर लें। अपनी हथेली के निचले हिस्से का इस्तेमाल करते हुए मावा और पनीर को 5-7 मिनट तक अच्छी तरह मसलें, ताकि कोई गांठ न रहे और मिश्रण एकदम चिकना हो जाए। अब इसमें मैदा और बेकिंग सोडा मिलाएं। सभी चीजों को हल्के हाथों से मिलाकर एक नरम डो तैयार करें। ध्यान रखें कि डो को बहुत ज्यादा न गूंथें।
 
स्टेप 3
तैयार डो से बराबर आकार की छोटी-छोटी लोइयां तोड़ लें। हर लोई को हाथों के बीच रखकर हल्के दबाव के साथ गोल बॉल का आकार दें। ध्यान रहे कि बॉल की सतह पर एक भी दरार न हो, वरना तलते समय गुलाब जामुन फट सकते हैं। यदि आप चाहें तो बॉल के बीच में कटे हुए मेवे की स्टफिंग भी कर सकते हैं।
 
स्टेप 4
कड़ाही में मध्यम आंच पर घी या तेल गर्म करें। घी बहुत ज्यादा गर्म नहीं होना चाहिए एक छोटा टुकड़ा डालकर टेस्ट करें, यदि वह धीरे-धीरे ऊपर आता है तो तापमान एकदम सही है। अब कड़ाही में एक बार में 5-6 गुलाब जामुन डालें। चम्मच से गुलाब जामुन को सीधे न छुएं, बल्कि कड़ाही के घी/तेल को हिलाते रहें ताकि सभी तरफ एक समान गहरा सुनहरा या भूरा रंग आ जाए।
 
स्टेप 5
तले हुए गुलाब जामुन को तुरंत कड़ाही से निकालकर हल्की गरम चाशनी में डालते जाएं। गुलाब जामुन को कम से कम 2 से 3 घंटे के लिए चाशनी में ही डूबा रहने दें, ताकि वे चाशनी को अंदर तक अच्छी तरह सोख लें और एकदम सॉफ्ट व रसीले हो जाएं।
 
Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Recipes से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लाइफस्टाइल